Betul News: गोल्ड-होम लोन कंपनियों का खुलेआम अतिक्रमण, व्हाइट टॉपिंग सड़क पर जाम का जंजाल

कोठीबाजार थाना रोड पर नियमों की धज्जियां, 40 फीट सड़क सिमटकर 20 फीट रह गई

Betul News: बैतूल। शहर के व्यस्ततम कोठीबाजार थाना रोड पर गोल्ड लोन और होम लोन कंपनियों द्वारा किए गए अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया है। नई-नवेली व्हाइट टॉपिंग सड़क, जिस पर लाखों रुपये खर्च कर सुगम यातायात की उम्मीद की गई थी, अब अतिक्रमण की चपेट में आ चुकी है।

सड़क के बड़े हिस्से पर कंपनियों के भारी-भरकम बोर्ड, स्टैंड और छतरियां लगाकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे 40 फीट चौड़ी सड़क सिमटकर महज 20 फीट में रह गई है।मुख्य सड़क होने से यहां 24 घण्टे भारी यातायात बना रहता है। सड़क पर बड़े बड़े बोर्ड और छतरियों सहित कर्मचारियो के वाहन खड़े होने से आम नागरिकों को हमेशा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन ना ही ट्रेफिक पुलिस संज्ञान ले रही है और ना ही नपा को कोई फिक्र है। नतीजा आम नागरिको को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

 निजी परिसर की तरह हो रहा सरकारी सड़क का उपयोग

 यहां रोजाना की स्थिति यह है कि स्थाई अतिक्रमण के चलते दिन भर यहां पल-पल ट्रैफिक जाम लग रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की क्रॉसिंग में लगातार टकराव की स्थिति बन रही है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मामूली बातों पर विवाद की स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन कंपनियों को केवल कार्यालय या दुकान के भीतर व्यापार करना चाहिए था, वे सड़क को निजी परिसर की तरह इस्तेमाल कर रही हैं। सड़क पर रखे बोर्ड और छतरियां न केवल यातायात में बाधा बन रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रहे हैं। आश्चर्य की बात यह है कि यह सब कोठीबाजार थाना रोड जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हो रहा है।

ठोस कदम ना उठाए जाने से पब्लिक में आक्रोश

 समस्या का समाधान करने के बजाय यातायात पुलिस इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बता रही है। जबकि अतिक्रमण के चलते सीधे तौर पर यातायात ही बाधित हो रहा है।यातायात पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण हटाने का अधिकार सीधे तौर पर उनके पास नहीं है, लेकिन जहां यातायात बाधित हो रहा है, वहां हस्तक्षेप कर चालान और अस्थायी कार्रवाई की जा सकती है। इसके बावजूद अब तक ठोस कदम न उठाए जाने से आमजन में नाराजगी है। वहीं नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र का जल्द सर्वे कराया जाएगा। मुनादी कर संबंधित दुकानदारों और कंपनियों को चेतावनी दी जाएगी और तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नपा का दावा है कि सड़क को पूरी चौड़ाई में मुक्त कर यातायात को सुचारु बनाया जाएगा।फिलहाल सवाल यह है कि करोड़ों की लागत से बनी व्हाइट टॉपिंग सड़क को अतिक्रमण से कब राहत मिलेगी और आम जनता को जाम व दुर्घटनाओं से कब निजात मिलेगी। यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो यह समस्या आने वाले दिनों में और विकराल रूप ले सकती है।

इनका कहना…

अतिक्रमण हटाने का अधिकार हमारे पास नहीं है, लेकिन यातायात बाधित हो रहा है तो कार्यवाही की जाएगी।

गजेंद्र केन, थाना प्रभारी यातायात बैतूल

क्षेत्र का सर्वे करवाकर अतिक्रमण चिन्हित किया जाएगा, जहां भी कब्जा दिखेगा सम्बन्धित के खिलाफ और सामग्री जब्ती की कार्यवाही की जाएगी।

ब्रजगोपाल परते, वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button