Betul News: बैतूल एसडीएम ने लंबे समय से जमे 23 कर्मचारियों के कार्यों में फेरबदल

एसडीएम ने आदेश जारी कर आरआई और पटवारियों को सौंपे नए दायित्व
Betul News: बैतूल। अनुविभागीय कार्यालय एवं तहसील कार्यालय बैतूल नगर व ग्रामीण की कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसडीएम अभिजीत सिंह ने लगभग 23 कर्मचारियों के कार्यों का पुनर्विभाजन किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर कर्मचारियों की पदस्थापना स्थल में आंशिक फेरबदल करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस कार्य विभाजन में राजस्व निरीक्षक, सहायक ग्रेड-3, पटवारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रवाचक एवं ई-गवर्नेंस से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार राजस्व निरीक्षक भीमराव पोटफोड़े को बैतूल नगर न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के अंतर्गत भू-अर्जन से संबंधित कार्य एवं नगरीय क्षेत्र के पट्टों की कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राजस्व निरीक्षक नजूल बैतूल बाजार यशवंत बटके को बैतूल बाजार क्षेत्र के समस्त राजस्व प्रकरणों में कार्रवाई, नजूल पट्टों से संबंधित कार्य तथा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवाचक-1 सहायक ग्रेड-3 विजय गाठे को मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 के अंतर्गत अपील प्रकरणों के साथ-साथ बैतूल ग्रामीण, चिचोली, बैतूल बाजार एवं खेड़ी सांवलीगढ़ के समस्त न्यायालयीन कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा तहसीलदार बैतूल ग्रामीण न्यायालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 महेश जैन को बैतूल वृत्त-2 तहसील बैतूल के सभी न्यायालयीन कार्यों सहित अन्य प्रशासनिक दायित्व प्रदान किए गए हैं। इसी क्रम में डाटा एंट्री ऑपरेटर बलीराम बाड़बुदे, प्रवाचक कृष्णा धोटे, पटवारी अंजली निगम, सहायक ई-गवर्नेंस प्रबंधक प्रियंका राने, सहायक ग्रेड अजीत सिंह, पटवारी महेंद्र राठौर, श्याम नामदेव, सहायक प्रोग्रामर नम्रता बरई, कम्प्यूटर ऑपरेटर सूरज जैन, अक्षय जैन, रवि पारधे तथा सहायक ग्रेड-3 शंकर दयाल गाड़गे, गौरव झरबड़े, रमेश यादव, श्रीमती सोनिका, अजीत सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर कमलेश राठौर, सहायक ग्रेड-3 जगदीश हजारे एवं रामेश्वर भलावी के कार्यों का भी स्पष्ट रूप से विभाजन किया गया है।

एसडीएम द्वारा सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि नवीन कार्य विभाजन के अनुसार तत्काल प्रभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। आदेश के परिपालन में कार्यभार का आदान-प्रदान संबंधित राजस्व अधिकारियों द्वारा निर्धारित समायावधि में अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि कार्यालयीन कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो और आम नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं मिले।





