Betul News: ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति पर कांग्रेस में बवाल

हटाए गए ब्लॉक अध्यक्ष कालभोर ने पीसीसी चीफ पर किया कटाक्ष, एफबी पर निकाली भड़ास

Betul News: बैतूल। बीती देर रात कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की लंबे समय से रूकी हुई सूची जारी हो गई है। प्रदेश के करीब 780 ब्लॉकों और उप ब्लॉकों में नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। सूची जारी होने के बाद बैतूल की कांग्रेस में बवाल हो गया है। अब तक बैतूल ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस की कमान संभालने वाले तरूण कालभोर को पद से हटाने के बाद उन्होंने मोर्चा खोल दिया।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उन्होंने खुलकर नाराजगी जताते हुए पहले बहुसंख्यक कुंबी समाज के जिलाध्यक्ष हेमंत वागद्रे और अब पंवार समाज के ग्रामीण अध्यक्ष (स्वयं को) पद मुक्त करने पर बड़ा कटाक्ष किया है। उन्हें यहां तक लिखा है कि सभी को दरकिनार करते हुए पैसों की महिमा है। उनकी इस सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस की राजनीति में बवाल मच गया है। इस बीच कांग्रेस के 380 ब्लॉक अध्यक्षों में से बैतूल के तीन ब्लॉकों में भी नए ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। सभी नए चेहरे बताए जाते रहे हैं।

कांग्रेस में गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। लंबे समय से कांग्रेस के दो खेमे अलग-अलग गुट में राजनीति में भाग्य आजमा रहे हैं, अक्सर दोनों धड़े को विभिन्न प्रदर्शनों एवं कार्यक्रमों में एक दूसरे से दूरी बनाकर आसानी से देखा जा सकता है। कुछ माह पहले पूर्व विधायक निलय डागा को जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह गुटबाजी और चरम पर पहुंच गई। तमाम निर्देशों के बावजूद सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर कांग्रेसी अपनी भड़ास निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यह सिलसिला नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद से अब तक जारी है। बीती रात जब ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की सूची बैतूल पहुंची तो एक बार फिर गुटीय राजनीति में उबाल आ गया।

कालभोर ने सीधे पीसीसी चीफ को लिया आड़े हाथ

सोशल मीडिया पर जिला मुख्यालय के कई पत्रकारों को टैग करते हुए बैतूल ग्रामीण कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष तरूण कालभोर ने सीधे पीसीसी चीफ पर बड़ा कटाक्ष किया है। उन्होंने जिले की राजनीति के दो प्रमुख और बहुसंख्या कुंबी, पवार समाज का उल्लेख करते हुए राजनीति में नया बवाल खड़ा कर दिया। दरअसल दोनों ही समाज की जिले में बड़ी संख्या में आबादी है उनका कटाक्ष कुंबी समाज से जुड़े जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहे हेमंत वाग्रदे और पवार समाज से जुड़े खुद को पदमुक्त करने के बाद सामने आया है।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा है कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का आभार, जिन्होंने बैतूल विधानसभा में कुंबी समाज के कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेमंत वागद्रे और पवार समाज के बैतूल ग्रामीण अध्यक्ष को दरकिनार किया यह सब पैसे की महिमा है। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने एक बार फिर कटाक्ष करते हुए धन्यवाद पटवारी जी आपका कहकर कांग्रेस की राजनीति में नियुक्ति को लेकर बवाल मचा दिया है।

हर ब्लॉक में नए अध्यक्ष बनाए, पुरानों की छुट्टी

कांग्रेस ने जिले के बैतूल शहर-ग्रामीण, मुलताई शहर, प्रभातपट्टन, मासोद उप ब्लॉक, दुनावा उप ब्लॉक, आठनेर शहर- ग्रामीण के ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किए हैं। शेष ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति बाद में किए जाने की संभावना है, लेकिन नई नियुक्ति पर बहस छिड़ गई है। बैतूल शहर में मोनू बड़ोनिया जैसे बड़े चेहरे को हटाकर मनोज आहूजा को कमान सौंपी है। इससे नाराजगी बढऩे से इंकार नहीं किया जा सकता है। ग्रामीण में तरूण कालभोर को हटाकर नए चेहरे राजकुमार चौबे को अवसर दिया गया है। यह नाम भी कांग्रेसियों के लिए एकदम चौंकाने वाला है।

हालंाकि मुलताई में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे समर्थक अरूण यादव को मुलताई शहर, मिश्रीलाल धाकड़ प्रभाट्टन, मासोद भूटा सिंह मर्सकोले, दुनावा राजू पवार, आठनेर ग्रामीण में पंकज बंजारे और शहर में सारिका माथनकर को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। यह सभी ब्लॉक अध्यक्ष जिला कांग्रेस अध्यक्ष के निकट बताए जाते हैं।

उठ सकते हैं बगावत के और स्वर

सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति शुरू होते ही बगावत के स्वर और उठ सकते हैं। अभी केवल तीन ब्लॉकों में ही अध्यक्षों की नियुक्त के बाद मोर्चा खोलना शुरू हुआ है उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शेष बचे सात ब्लॉकों और अन्य उप ब्लॉकों में नियुक्ति पर कांग्रेस में घमासान मच सकता है। जिस तरह वर्तमान में हुई नियुक्ति में पुराने चेहरों को नजर अंदाज किया है इससे अन्य ब्लॉकों में अभी से दूसरे दावेदारों के सक्रिय होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button