Betul News: अपने खर्च पर जुड़वाए नल कनेक्शन, अब फिर उखाड़ दिए गए

ड्रेनेज निर्माण से बढ़ी आमजन परेशानी, नागरिकों में आक्रोश

Betul News : बैतूल। कोठीबाजार क्षेत्र में चल रहे ड्रेनेज निर्माण कार्य ने नागरिकों की मुश्किलें कम होने के बजाय लगातार बढ़ाई जा रही हैं। निर्माण कार्य के दौरान की गई लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को बार-बार भुगतना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जिन नागरिकों ने अपने खर्च पर नल कनेक्शन जुड़वाए थे, उन्हें अब दोबारा उखाड़ दिया गया है, जिससे उपजे पेयजल संकट से लोगों का जूझना भी तय है। लापरवाही का आलम ये है कि नल कनेक्शन निकाले जाने से दर्जनों घरों में पानी की सप्लाई बाधित होने तय माना जा रहा है। लोग इसके लिए चिंतित तो हैं, लेकिन नपा और ठेकेदार को लोगों की समस्याओं से कोई लेनादेना नहीं है। लिहाजा अगर परेशान जनता का आक्रोश फूट गया तो यह आक्रोश नपा अधिकारियों समेत ठेकेदार को काफी महंगा पड़ जाएगा और इसका सीधा असर निर्माण कार्य पर पड़ेगा।

खुदाई में उखड़े थे दर्जनों नल कनेक्शन

पीड़ित नागरिकों ने बताया कि,ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के दौरान दर्जनों घरों के नल कनेक्शन उखड़ गए थे। इस अचानक आई समस्या से लोग हैरान और परेशान हो गए। कई घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई, जिससे दैनिक जरूरतों के लिए भी पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो गया था। हालात ये हो गए कि नल कनेक्शन को तत्काल जुड़वाना लोगो के लिए आवश्यक हो चुका था।

नपा ने जुड़वाए कनेक्शन, मेहनताना भी लिया गया

नल कनेक्शन उखड़ने के बाद नागरिकों ने नगर पालिका से इसकी शिकायत की। इसके बाद नपा कर्मचारियों ने लोगों से आवश्यक सामान मंगवाकर नल कनेक्शन दोबारा जोड़े । हैरानी की बात यह रही कि इस कार्य के लिए नपा कर्मचारियों ने लोगों से कनेक्शन जोड़ने का मेहनताना भी वसूला। मजबूरी में लोगों ने पानी की आवश्यकता को देखते हुए यह अनावश्यक खर्च वहन किया।

कॉटन वॉल डालते समय फिर उखाड़े गए कनेक्शन

अभी लोगों ने राहत की सांस भी नहीं ली थी कि ड्रेनेज निर्माण के अगले चरण में कॉटन वॉल (कंक्रीट दीवार) डालने के दौरान ठेकेदार द्वारा फिर से नल कनेक्शन उखाड़ दिए गए। इससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नागरिकों का कहना है कि बिना समन्वय और योजना के काम किया जा रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। नल कनेक्शन दोबारा उखड़ने से अब लोगों को पुन: अपने खर्च पर कनेक्शन जुड़वाने पड़ेंगे। पहले ही ड्रेनेज निर्माण के चलते नई नवेली सड़क खराब, आवाजाही बाधित और धूल-मिट्टी से लोग परेशान हैं, ऊपर से बार-बार पानी के कनेक्शन टूटने से आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। हद तो तब है जब ठेकेदार मौके पर मनमर्जी के काम करवा रहा है और जनता परेशानियां झेलने पर मजबूर है, लेकिन नपा के अधिकारी मौके का निरीक्षण तक नहीं कर पा रहे हैं।

निगरानी और जवाबदेही की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य की उचित निगरानी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि यदि पहले से योजना बनाकर कार्य किया जाता तो बार-बार नल कनेक्शन उखाड़ने जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का स्थाई समाधान कब तक करता है।

इनका कहना….

यदि ऐसी स्थिति है तो यह ठीक नहीं है। निर्माण कार्यों के दौरान जनता परेशान ना हो इसके लिए ठेकेदार से चर्चा की जाएगी, लोगो को हो रही समस्याओ को लेकर दो दिन पहले ही उन्हें नोटिस दिया गया है।

नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button