Betul Samachar: चार माह में बढ़ी बैतूल स्टेशन की आय, 8.69 करोड़ की आमदनी
Betul News: Betul station's income increased in four months, income of 8.69 crores

4 लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर, लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की जबरदस्त इजाफा
Betul Samachar: बैतूल। राजधानी दिल्ली से चेन्नई को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल लाइन पर स्थित बैतूल रेलवे स्टेशन इन दिनों आय और यात्री संख्या दोनों के मामले में लगातार प्रगति कर रहा है। भोपाल और नागपुर के बीच बसे इस स्टेशन का महत्त्व क्षेत्रीय यात्रियों के लिए तो है ही, बल्कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी यह केंद्र बिंदु बनता जा रहा है। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली तथा यात्री सेवाओं के विस्तार का ही परिणाम है कि बैतूल स्टेशन ने बीते चार महीनों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
ताज़ा आंकड़ों के अनुसार अप्रैल से जुलाई 2025 की अवधि में बैतूल स्टेशन से कुल 4 लाख 11 हजार 768 यात्रियों ने रेल यात्रा की। इन यात्राओं से रेलवे को कुल 8 करोड़ 69 लाख 78 हजार 278 रुपए की आय हुई। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि बैतूल स्टेशन यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है और यहां लगातार यात्री सुविधाओं व प्रबंधन में सुधार का असर दिख रहा है। 2025-26 के वित्तीय वर्ष के शुरुआती चार महीने में ही रेलवे ने करोड़ों की आय होने का कीर्तिमान स्थापित किया है। यह आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुकाबले अधिक है। अप्रैल 2025 में 95 हजार 864 यात्रियों ने ट्रेन में सफर किया, जिससे रेलवे को 2 करोड़ 68 लाख 7 हजार 94 रुपए की आय हुई।
मई माह में छुट्टियों का सीजन होने का भरपूर फायदा बैतूल रेलवे स्टेशन को मिला। स्टेशन से कुल 1 लाख 6 हजार 266 यात्रियों ने सफर किया, जिससे रेलवे को 2 करोड़ 11 लाख 30 हजार 272 रुपए की आय हुई। जून माह में प्रबन्धन ने फिर लंबी छलांग लगाई। महज 30 दिनों में यात्रियों का आंकड़ा 1 लाख 15 हजार 728 पर पहुंच गया, इससे रेलवे को 2 करोड़ 30 हजार 93 हजार 671 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। जुलाई माह में यात्रियों की संख्या ने थोड़ी कमी आई स्टेशन से 93 हजार 910 यात्रियों ने सफर किया, जिससे 2 करोड़ 20 लाख 67 हजार 241 रुपए की आय हुई। इस तरह से महज 4 महीनों के भीतर कुल 4 लाख 11 हजार 768 यात्रियों ने सफर कर रेलवे के खजाने में कुल 8 करोड़ 69 लाख 78 हजार 278 रुपयों का इजाफा करने में अपना योगदान दिया।
रेल संचालन,टिकटिंग, सुविधा और सुरक्षा से बढ़ा भरोसा
पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में इस बार सिर्फ चार माह की अवधि में ही करोड़ों रुपए की आय अर्जित करना बैतूल रेलवे स्टेशन के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे स्पष्ट होता है कि यहां रेल संचालन, टिकटिंग व्यवस्था, सफाई और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सुधार से यात्रियों का भरोसा बढ़ा है। पहले जहां यात्री केवल गुजरने के लिए इस स्टेशन का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब यहां से चढ़ने-उतरने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। प्रतीक्षालय, स्वच्छता, प्लेटफार्मों पर प्रकाश व्यवस्था, अनाउंसमेंट सिस्टम और ट्रेन टाइमिंग की जानकारी में सुधार ने भी यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इसके अलावा भोपाल, नागपुर और अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी भी आय में बढ़ोतरी का कारण बनी है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिल रही लगातार मजबूती
बैतूल रेलवे स्टेशन की इस प्रगति का असर स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से आसपास के होटल, टैक्सी-ऑटो सेवाओं, खानपान व छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिल रहा है। इससे अप्रत्यक्ष रूप से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। रेलवे विभाग का मानना है कि आने वाले समय में यात्री संख्या और आय में और वृद्धि होगी। बैतूल से गुजरने वाली गाड़ियों में नियमित रूप से यात्रियों की भीड़ बनी रहती है।
यदि भविष्य में यहां अतिरिक्त ट्रेन ठहराव या नई ट्रेनों की सुविधा मिलती है तो यह स्टेशन और अधिक राजस्व अर्जित करने में सक्षम होगा। कुल मिलाकर बैतूल रेलवे स्टेशन ने चार माह की अवधि में जिस तरह से लाखों यात्रियों को सेवाएं दीं और करोड़ों रुपए की आय अर्जित की। वह न केवल रेलवे के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि बैतूल जिले के विकास और पहचान के लिए भी गर्व का विषय है। यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि सेवाएं बेहतर हों तो छोटे से छोटे स्टेशन भी बड़े परिणाम दे सकते हैं।
इनका कहना…
रेलवे से मिले सभी निर्देशों कड़ाई से का पालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रबन्धन की कार्यप्रणाली का सुचारू रूप से क्रियान्वयन का ही नतीजा है कि यात्रियों का भरोसा बढ़ने के साथ साथ राजस्व में भी व्रद्धि दर्ज की जा रही है।
वीके वाकड़े, स्टेशन मैनेजर, रेलवे स्टेशन बैतूल




