Betul Ki Khabar: 15 वें वित्त आयोग की राशि से ब्लॉक अध्यक्ष के घर आंगन का सौंदर्यीकरण

Betul Ki Khabar: Beautification of courtyard of Block President's house with the funds of 15th Finance Commission

दान पत्र को आधार बनाकर ग्रामीणों को दी जाने वाली सुविधा की लगा दी वाट, सचिव संघ ब्लाक अध्यक्ष पर लगे आरोप

Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले में विकास के नाम पर ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितता चरम पर पहुंच चुकी है। भीमपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत लक्कड़जाम इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। मामला पंचायत के पूर्व सचिव एवं वर्तमान सचिव संघ ब्लाक अध्यक्ष रोशन यादव से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि वर्ष 2023-24 में 15 वें वित्त आयोग की जनपद निधि की 4 लाख रुपए की राशि विकास कार्यो में खर्च करने के बजाय सचिव संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रोशन यादव के घर और आंगन के सौंदर्यीकरण में खर्च कर दिए गए।

सूत्र बताते हैं कि यह राशि लक्कड़जाम ग्राम पंचायत के तीन गांवों के विकास के लिए जारी की गई थी, लेकिन ग्रामीण तब हैरान रह गए जब उन्हें पता चला कि इस राशि का उपयोग गांव के विकास के बजाय यादव जी के घर आंगन के सौंदर्यीकरण में कर लिया गया। मौजूदा सचिव सुरेश यादव ने भी इसकी पुष्टि की है कि, 15 वे वित्त आयोग की राशि का उपयोग सचिव संघ के ब्लाक अध्यक्ष रोशन यादव के घर आंगन के सौंदर्यीकरण के लिए की गई है। इस मामले के सामने आने के बाद सचिव संघ की छवि भी धूमिल हो रही है, क्योंकि जिस सचिव पर सरकारी राशि के फर्जीवाड़े के आरोप लग रहे हैं, वह संघ के भीमपुर ब्लाक अध्यक्ष का जिम्मेदार पद संभाल रहे हैं।

पंचायत में सरकारी भूमि पर दर्ज है जमीन

सूत्रों के अनुसार, इस फर्जीवाड़े के लिए विधिवत टीएस (टेक्निकल सैंक्शन) तक कराया गया है , जिसमें शासकीय भूमि खसरा नंबर 311/1/1 अंकित है। यह भूमि ग्राम पंचायत लक्कड़जाम में शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। इसका खसरा लगाकर टीएस जारी कराई गई और इस भूमि पर विकास कार्य न करते हुए रोशन यादव की निजी भूमि पर स्थित निजी आवास पर बाउंड्रीवॉल और आंगन का सौंदर्यीकरण करवा दिया गया। आश्चर्य इस बात का है कि जिस निजी भूमि पर कार्य हुआ, वह रोशन यादव के भाई प्रेमलाल यादव के नाम पर दर्ज निजी भूमि है।

सब इंजीनियर की भूमिका भी संदेह के घेरे में

इस पूरे प्रकरण में अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है, क्योंकि इंजीनियर द्वारा कार्य का मूल्यांकन कर उपयोगिता प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया। इसका मतलब यह हुआ कि सरकारी दस्तावेजों में कार्य शासकीय भूमि पर दर्शाया गया, जबकि वास्तविकता में कार्य निजी संपत्ति पर हुआ है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर जबरदस्त आक्रोश है कि उनकी जनपद निधि, जिससे गांव का विकास होना था, उसे व्यक्तिगत लाभ के लिए इस्तेमाल कर लिया गया।

चौक-चौराहों पर चर्चाएं गर्म हैं कि सचिव संघ अध्यक्ष होने के कारण रोशन यादव पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। अब सवाल उठता है कि क्या प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष जांच करेगा? क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी और क्या गांव को उसकी 15वें वित्त आयोग की निधि वापस मिलेगी? ग्रामीणों की मांग है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो, दोषियों से राशि की वसूली की जाए और भविष्य में इस तरह की कूट रचनाओं पर सख्त रोक लगे।

इनका कहना….

मेरे संज्ञान में यह जानकारी नहीं है, जानकारी लेने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा।

लक्ष्मी अमरुते, जिला अध्यक्ष सचिव संघ जिला बैतूल

15 वें वित्त आयोग की राशि से सचिव संघ के ब्लाक अध्यक्ष के घर आंगन का सौंदर्यीकरण किया गया है। जमीन का दान पत्र भी है। यह मकान रोशन यादव का ही है।

सुरेश यादव, प्रभारी सचिव ग्राम पंचायत लक्कड़जाम

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button