Betul News: इस माह के अंत तक घोषित होगी भाजपा की जिला कार्यकारिणी
Betul News: BJP's district executive will be announced by the end of this month

अभी तक घोषित नहीं हुए पर्यवेक्षकों की सूची, रायशुमारी के बाद प्रदेश संगठन को भेजे जाएंगे नाम
Betul News: बैतूल। प्रदेश भाजपा ने जिला कार्यकारिणी घोषित करने में कुछ बदलाव किए हैं। हालांकि इस बदलाव की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन जिला कार्यकारिणी के लिए जो प्रक्रिया चल रही है, उसके अनुसार इस माह के अंत तक नई कार्यकारिणी की घोषणा संभव दिखाई दे रही है। दरअसल भाजपा ने प्रदेश स्तर से अब तक जिलों के लिए पर्यवेक्षक घोषित नहीं किए है। पर्यवेक्षक घोषित होने के बाद वे जिले में पहुंचेंगे और जिला अध्यक्ष से कार्यकारिणी को लेकर रायशुमारी की जाएगी। रायशुमारी के बाद कार्यकारिणी अनुमोदन के लिए प्रदेश संगठन को भेजना है। इस पूरी प्रक्रिया में पंद्रह दिन का समय लग सकता है, लेकिन रक्षाबंधन और स्वाधिनता दिवस निकट आने के कारण जिला कार्यकारिणी की घोषणा इस माह के अंत तक हो पाएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने 25 जुलाई तक जिला कार्यकारिणी और शेष बचे मंडल अध्यक्षों के नाम घोषित करने के लिए कहा था, चूंकि अधिकांश जिलों में अध्यक्ष बदले हैं। ऐसे में नई कार्यकारिणी को लेकर मंथन पूरा नहीं हो पाया है। एक माह पहले ही सूबे में भाजपा को नया अध्यक्ष मिला है, जबकि जिला अध्यक्षों की घोषणा को भी चार माह का समय ही मिल पाया है। लिहाजा नई कार्यकारिणी गठन में इसी वजह विलंब हो रहा है। बताया तो यह भी जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव इस माह के अंत तक हुए तो कार्यकारिणी और लंबी खींच सकती है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि बिहार विधानसभा चुनाव के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में देरी होती है तो भाजपा की जिला कार्यकारिणी इस माह के अंत तक घोषित हो जाएगी।
मंडल अध्यक्षों पर खींचतान
सूत्र बताते हैं कि भाजपा में कई जिलों में मंडल अध्यक्षों को लेकर खींचतान चल रही है। इसी वजह नया प्रदेश अध्यक्ष को मंडल अध्यक्ष के नाम भेजने से पहले हर जिला संगठन फूंकफूंक कदम रख रहा है। इसी वजह मंडल अध्यक्षों के चुनाव में भी विलंब हो रहा है। संभावना है कि पहले शेष बचे मंडल अध्यक्षों के नामों का एलान होगा, इसके बाद जिला कार्यकारिणी की घोषणा होगी। लिहाजा इसी वजह भाजपा ने पूर्व में दी गई गाइडलाइन की तिथि को बढ़ा दिया है, ताकि मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कोई खींचतान न रहे।
पर्यवेक्षकों की घोषणा इसी सप्ताह
सूत्र बताते हैं कि जिला कार्यकारिणी को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा हर जिले में 1 से 2 पर्यवेक्षक भेजे जाएंगे। यह पर्यवेक्षक जिला अध्यक्ष से नई कार्यकारिणी के नामों पर जिले में चर्चा करेेंगे। संतुलित कार्यकारिणी और हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रदेश अध्यक्ष के लक्ष्य का भी कार्यकारिणी में सूक्ष्म अवलोकन किया जा सकता है। इसके बाद ही जिला कार्यकारिणी पर्यवेक्षकों से अनुमोदित होने के बाद प्रदेश संगठन को भेजी जाएगी। संभावना है कि प्रदेश संगठन थोक में कई जिलों की जिला कार्यकारिणी अनुमोदित कर जिला संगठन को भेजेंगे। इसके बाद जिले से ही यह कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। इस पूीर प्रक्रिया में बीस दिनों का और समय लगने की संभावना दिखाई दे रही है।




