Betul News : न्यायालय जाएगा नियम विरूद्ध यूनीपोल लगाने का मामला
Betul News: The matter of installing unipole against the rules will go to court

यूनीपोल की ऊंचाई को लेकर भी सवाल, चल समारोह में आ सकता है व्यवधान
Betul News : बैतूल। शहर में यूनीपोल लगाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। शुक्रवार को बैतूल आए कमिश्रर से एक प्रतिनिधि मंडल ने शिकायत कर अपनी बात रखी थी। इसके बाद शिकायतकर्ताओं ने न्यायालय की ओर भी रूख किया है। जानकारी मिली है कि सोमवार को होर्डिंग की जगह यूनीपोल लगाने और फर्म को अनावश्यक लाभ दिलाने को लेकर न्यायालय की शरण ली जा रही है। यदि ऐसा हुआ तो नगरपालिका एक बार फिर विवादों में पड़ जाएगी। दूसरी तरफ यूनीपोल मुख्य मार्गों के डिवाइडर पर लगाने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर बसस्टैंड के पास दुर्गा उत्सव-गणेश उत्सव का चल समारोह निकलने पर व्यवधान आने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
हालांकि नगरपालिका का दावा है कि इसकी ऊंचाई काफी ऊंची है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच नगरपालिका और दूसरे होर्डिंग लगाने वालों की भी जंग छिड़ी हुई है। हालांकि तीन वर्ष के लिए एक फर्म को टेंडर दिया जा चुका है, लेकिन इसमें नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शुक्रवार बैतूल आए कमिशनर को भी होर्डिंग संचालकों ने यूनीपोल लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया। 25 लाख रुपए की राशि की जगह 6 लाख रुपए जमा कराने के भी आरोप लगाकर नपा को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
चल समारोह में बाधा न बन जाए यूनीपोल
91 होर्डिंग लगाने के अनुबंध के बाद नपा इसी शर्त पर पांच यूनीपोल लगाने के लिए फर्म को अनुमति दे चुकी है। करीब पांच स्थानों पर लगभग 30 फीट की ऊंचाई पर डिवाइडर के बीच यूनीपोल लगाए गए हैं। अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि दुर्गा उत्सव और गणेश उत्सव पर लल्ली चौक से होते बसस्टैंड होकर अधिकांश देवी प्रतिमाएं चल समारोह के साथ करबला जाती है।
यदि किसी झांकी ऊंचाई अधिक रही तो चल समारोह में भी व्यवधान बनने से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसके बावजूद डिवाइडर के बीच बसस्टैंड पर यूनीपोल लगा दिया गया है। नियमानुसार इसे अन्य शहर की तरह ऊंची इमारतों और सड़क किनारे व्यवस्थित स्थान पर लगाना था, यह भी नियम और प्रक्रिया पूरी करने के बाद, लेकिन बैतूल में पूरी तरह अनदेखी की गई है। अब अन्य शिकायतकर्ता न्यायालय की ओर रूख कर रहे हैं।
इनका कहना ..
मैंने निकायों के नियमों का हाल ही अवलोकन किया है। फर्म यूनीपोल लगा सकती है। इसके लिए टेंडर की शर्ते जरूरी नहीं है। नियम के अनुसार ही यूनीपोल लगाए गए, इससे शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




