Betul Samachar: बैतूल की राजनीति में फिर सक्रिय हुए अलकेश, बढ़ी तवज्जों के पीछे सियासी संकेत!

जंगल सफारी से लेकर विकास कार्यों के भूमिपूजन-शिलान्यास तक प्रदेश अध्यक्ष हेमंत के साथ पहली पंक्ति में नजर आए पूर्व विधायक, निगम-मंडल में नई जिम्मेदारी मिलने की अटकलें तेज

Betul Samachar: बैतूल। बैतूल की राजनीति में लंबे समय से अपेक्षाकृत शांत नजर आ रहे पूर्व विधायक अलकेश आर्य की अचानक बढ़ी सक्रियता ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। राजधानी भोपाल और संगठन के दायित्वों तक सीमित नजर आने वाले आर्य अब एक बार फिर बैतूल के सार्वजनिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में प्रमुखता से दिखाई देने लगे हैं।

खास बात यह है कि उनकी यह सक्रियता केवल कार्यक्रमों में उपस्थिति तक सीमित नहीं, बल्कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के साथ लगातार निकटता और मंचीय तवज्जो भी राजनीतिक संकेतों को गहरा कर रही है।

शनिवार को दक्षिण वन मंडल के महूपानी बीट में आयोजित जंगल सफारी कार्यक्रम में अलकेश आर्य, हेमंत खंडेलवाल के साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। इसके बाद शहर में आधा दर्जन से अधिक विकास कार्यों के भूमिपूजन, शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में भी उन्हें अग्रिम पंक्ति में स्थान मिला।

लगभग हर कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष के समीप उनकी मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी है। संगठन और सत्ता के गलियारों में इसे महज संयोग मानने के बजाय आने वाले दिनों में किसी नई भूमिका की संभावित भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है।

क्या निगम-मंडल की नियुक्तियों से जुड़ रही सक्रियता?

भाजपा संगठन में हाल के दिनों में सक्रियता और जिम्मेदारी को लेकर बदलावों की चर्चा तेज हुई है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय संगठन स्तर पर निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर सक्रिय कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिम्मेदारी देने पर जोर दिया गया है।

जिला संगठन और युवा मोर्चा में बदलाव के बाद अब निगम-मंडल तथा अन्य राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में अलकेश आर्य की बैतूल में अचानक बढ़ी मौजूदगी को संभावित राजनीतिक नियुक्तियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के पुराने, अनुभवी और संगठनात्मक रूप से मजबूत नेताओं को नई जिम्मेदारियों में समायोजित किए जाने की संभावना के बीच आर्य का नाम भी चर्चाओं में है।

हालांकि निगम-मंडल में नियुक्ति को लेकर अभी कोई आधिकारिक संकेत या घोषणा सामने नहीं आई है, लेकिन जिस तरह उन्हें हालिया कार्यक्रमों में प्रमुखता मिल रही है, उसने अटकलों को जरूर मजबूत किया है।

 पुराने संगठनात्मक समीकरणों के मजबूत खिलाड़ी रहे हैं आर्य

अलकेश आर्य की पहचान केवल पूर्व विधायक के रूप में नहीं, बल्कि संगठन के जमीनी नेता के तौर पर भी रही है। पूर्व सांसद स्व. विजय कुमार खंडेलवाल के करीबी और विश्वस्त सहयोगियों में गिने जाने वाले आर्य ने जिला महामंत्री से लेकर जिला अध्यक्ष और विधानसभा तक का राजनीतिक सफर तय किया।

कांग्रेस शासन के दौर में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए उनकी सक्रियता की चर्चा आज भी पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं के बीच होती है। कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क, नाम लेकर संवाद और संगठन के लिए लगातार मेहनत करने की उनकी शैली उनकी राजनीतिक पहचान रही है।

यही वजह है कि लंबे समय तक बैतूल की सक्रिय राजनीति से दूरी के बावजूद उनकी वापसी और वर्तमान में मिल रही तवज्जो को सामान्य घटनाक्रम नहीं माना जा रहा। अब सवाल यही है कि बैतूल के राजनीतिक मंचों पर अलकेश आर्य की बढ़ती मौजूदगी केवल संगठनात्मक सक्रियता की वापसी है या भाजपा उन्हें किसी नई जिम्मेदारी के लिए तैयार कर रही है? फिलहाल संकेतों की राजनीति जारी है और निगाहें आने वाले संगठनात्मक व निगम-मंडल नियुक्तियों पर टिकी हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button