Betul Trenching Ground: एक सप्ताह में शुरू होगा कढ़ाई ट्रेचिंग ग्राउंड, 90 फीसदी काम पूरा

पुराने ट्रेचिंग ग्राउंड में महज 10 दिन का कचरा, विकल्प नहीं होने से नपा की बढ़ी थी मजबूरी
Betul Trenching Ground: बैतूल। शहर की कचरा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर लंबे समय से बनी परेशानी अब जल्द खत्म होने वाली है। कढ़ाई ग्राम में तैयार हो रहा नया ट्रेचिंग ग्राउंड लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। बिजली पोल, ट्रांसफार्मर और लाइटिंग की व्यवस्था भी कर दी गई है। इतना ही नहीं, यहां कचरा प्रोसेसिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नगर पालिका के मुताबिक आगामी एक सप्ताह में नया ट्रेचिंग ग्राउंड पूरी तरह तैयार होकर काम करना शुरू कर देगा। इसके बाद शहर से रोजाना निकलने वाले कचरे के निपटान की व्यवस्था नए स्थल पर हो सकेगी
गौठाना स्थित पुराने ट्रेचिंग ग्राउंड से नगर पालिका ने पुराना जमा कचरा उठवा दिया है। हालांकि नए ट्रेचिंग ग्राउंड का काम पूरी तरह तैयार नहीं होने के कारण पिछले 10 दिनों से शहर का कचरा पुराने स्थल पर ही एकत्र करना पड़ा। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि वर्तमान में पुराने ट्रेचिंग ग्राउंड पर केवल पिछले 10 दिनों का कचरा मौजूद है, जिसका परिवहन कढ़ाई स्थित नए ट्रेचिंग ग्राउंड में किया जा रहा है।
विकल्प नहीं होने से बनी मजबूरी
सीएमओ के मुताबिक नए ट्रेचिंग ग्राउंड में कुछ तकनीकी और निर्माण संबंधी काम शेष था। ऐसे में शहर से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का एकत्रीकरण रोकना संभव नहीं था। नगर पालिका के पास तत्काल कोई दूसरा विकल्प भी उपलब्ध नहीं था। इसी मजबूरी में पिछले 10 दिनों का कचरा पुराने स्थल पर जमा करना पड़ा। अब नए ग्राउंड में व्यवस्थाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं और अगले सप्ताह तक कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया वहां शिफ्ट कर दी जाएगी।
पुराने स्थल पर स्टेडियम निर्माण की उम्मीद
नए ट्रेचिंग ग्राउंड के शुरू होते ही गौठाना स्थित पुराने स्थल को कचरे से मुक्त करने का रास्ता साफ हो जाएगा। नगर पालिका की योजना के अनुसार यहां स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जानी है। सीएमओ ने संभावना जताई कि पुराने ट्रेचिंग ग्राउंड पर स्टेडियम निर्माण का भूमिपूजन भी जल्द हो सकता है। इससे शहर को एक ओर व्यवस्थित कचरा प्रबंधन की सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पुराने स्थल का उपयोग खेल गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




