Betul News : पिस्टल हाथ में लेकर युवराज बना डॉन, युवकों को दी धमकी
फिर सीढ़ियों पर दागी गोली, साथियों से भी बोला- पिस्टल हो गई लोड

बैतूल। भीमपुर रोड स्थित छोटे से गांव नांदा में फायर बाज युवराज का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथ में पिस्टल लेकर खुलेआम युवकों को धमकाते और फिर फायरिंग करते नजर आ रहा है। वीडियो में युवराज का अंदाज किसी फिल्मी डॉन से कम नहीं दिखाई दे रहा। युवकों के सामने पिस्टल लहराने से शुरू हुआ नाटक देखते ही देखते गोली चलने तक पहुंच गया। मामला खुलने के बाद, अब इस पिष्टल को एयरगन बताकर गुमराह किया जा रहा है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि काले रंग की पिस्टल हाथ में लेकर युवराज दुकान के सामने खड़े युवकों को चेतावनी दे रहा है। इसी दौरान वह हाथ पीछे ले जाकर पिस्टल लोड करता है। पिस्टल लोड होने की आवाज भी वीडियो में स्पष्ट सुनाई देती है। युवराज युवकों से कहता सुनाई दे रहा है कि ‘हल्के में ले रहे क्या, देख पिस्टल लोड हो चुकी है।’ इस पर एक युवक उसे चुनौती देते हुए कहता है कि मुझे मार दे, जबकि दूसरा युवक उसे जबरन की हवाबाजी और धमकीबाजी करने वाला बताता सुनाई देता है।

युवकों की बात सुनने के बाद युवराज करीब चार कदम पीछे हटता है और सीढ़ियों की तरफ निशाना लगाकर गोली चला देता है। फायरिंग की आवाज वीडियो में स्पष्ट सुनाई देती है। इतना ही नहीं, गोली चलाने के बाद युवराज जमीन पर गिरे कारतूस के खोखे को उठाकर अपनी जेब में रखते हुए भी नजर आ रहा है।
लाइसेंसी पिस्टल या अवैध हथियार, जांच का विषय
इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की वास्तविक प्रकृति और उससे हुई फायरिंग की पुलिस जांच जरूरी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवराज के पास मौजूद पिस्टल लाइसेंसी है या फिर अवैध तरीके से हासिल की गई है? यदि हथियार अवैध है तो उसे किससे खरीदा गया, हथियार उपलब्ध कराने वाला कौन है और इसके लिए कितनी रकम चुकाई गई? वीडियो में फायरिंग और खोखा छिपाने का घटनाक्रम भी जांच के दायरे में आना चाहिए। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में हथियार के स्रोत से लेकर फायरिंग के पीछे की वजह तक कितनी गहराई से जांच करती है।




