Betul ki Khabar: 8 दुकानों से 2.78 करोड़ की आय, अब 13 दुकानों की नीलामी से 4 करोड़ जुटाने की तैयारी

बस स्टैंड के बाजू में तैयार हुआ व्यवस्थित आजीविका कॉम्प्लेक्स, बीच में चौपाटी विकसित करने की भी योजना
Betul ki Khabar: बैतूल। शहर के बस स्टैंड के ठीक बाजू में जिला पंचायत द्वारा तैयार किया गया आलीशान आजीविका कॉम्प्लेक्स अब व्यावसायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। व्यवस्थित तरीके से तैयार किए गए इस कॉम्प्लेक्स में दुकानों की नीलामी का पहला चरण पूरा हो चुका है।
अब जिला पंचायत दूसरे चरण की नीलामी की तैयारी में जुट गई है। खास बात यह है कि पहले चरण में महज 8 दुकानों की नीलामी से जिला पंचायत को करीब 2 करोड़ 78 लाख 12 हजार 190 रुपए की आय हुई है। शेष 13 दुकानों से करीब 4 करोड़ रुपए की आय जुटाने का लक्ष्य है।
जिला पंचायत ने आजीविका कॉम्प्लेक्स में कुल 29 दुकानों का निर्माण कराया है। इनमें से 8 दुकानें पूर्व में दुकान प्राप्त कर चुके अंत्यावसायी हितग्राहियों के लिए रखी गई हैं। शेष 21 दुकानों के लिए लोकेशन और अन्य मानकों के आधार पर आरक्षित मूल्य निर्धारित कर नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई थी। पहले चरण में 8 दुकानों की नीलामी हुई, जिससे 2,78,12,190 रुपए की आय प्राप्त हुई। इनमें एक दुकान करीब 46 लाख 74 हजार 118 रुपए में नीलाम हुई है।
अब 13 दुकानों की नीलामी पर नजर
पहले चरण की सफलता के बाद जिला पंचायत अब शेष 13 दुकानों की नीलामी की तैयारी कर रही है। जिला पंचायत का अनुमान है कि इन दुकानों से भी अच्छी आय प्राप्त होगी। पूरे कॉम्प्लेक्स की दुकानों की नीलामी से करीब 6 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य रखा गया है। शेष दुकानों में अधिकांश दुकानें अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
पूरे जिले में होगा प्रचार-प्रसार
जिला पंचायत एसीओ इंदिरा मेहतो ने बताया कि शेष दुकानों की नीलामी जल्द कराने की तैयारी की जा रही है। नीलामी में अधिक से अधिक लोग शामिल हो सकें, इसके लिए पूरे जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। सभी ब्लॉकों, विशेषकर ट्रायबल ब्लॉकों में प्रचार पर जोर रहेगा। शहर में नगर पालिका के माध्यम से मुनादी भी कराई जाएगी, ताकि इच्छुक लोग नीलामी प्रक्रिया की जानकारी लेकर इसमें भाग ले सकें।
एक ही परिसर में खरीदारी की सुविधा देने की तैयारी
जिला पंचायत की योजना आजीविका कॉम्प्लेक्स को ऐसी जगह के रूप में विकसित करने की है, जहां लोगों को अलग-अलग जरूरतों की सामग्री एक ही परिसर में मिल सके। इसके लिए विभिन्न प्रकार की दुकानों को यहां स्थान देने की योजना है। इससे कॉम्प्लेक्स में लगातार ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है और स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बीच में चौपाटी से बढ़ेगा आकर्षण
कॉम्प्लेक्स के बीच में छोड़ी गई जगह का भी बेहतर उपयोग करने की तैयारी है। जिला पंचायत यहां चौपाटी विकसित करने पर विचार कर रही है। यदि योजना आकार लेती है तो खरीदारी के साथ लोगों को खान-पान और बैठने के लिए भी बेहतर माहौल मिल सकेगा। इससे आजीविका कॉम्प्लेक्स केवल दुकानों का समूह न रहकर शहर के एक व्यवस्थित व्यावसायिक एवं मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित हो सकता है।




