Ganesh Utsav 2026 : गणेश पंडालों में सीसीटीवी से होगी निगरानी, रात में समिति सदस्य की रहेगी मौजूदगी

शहर में करीब 80 सार्वजनिक स्थानों पर विराजेंगी गणेश प्रतिमाएं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने समितियों को दिए निर्देश

Ganesh Utsav 2026 : बैतूल। 14 सितंबर से दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत होने जा रही है। शहर में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इस बार गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शहर के कोतवाली और गंज थाना क्षेत्र में करीब 80 सार्वजनिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।

पुलिस ने समितियों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही रात के समय समिति के एक जिम्मेदार सदस्य की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में करीब 55 और गंज थाना क्षेत्र में लगभग 25 सार्वजनिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं विराजित की जाएंगी। पुलिस का कहना है कि गणेश पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। किसी तरह की घटना, विवाद या असामाजिक गतिविधि होने पर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संबंधित लोगों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलेगी।

रात में पंडाल में मौजूद रहेगा समिति का सदस्य

पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों को निर्देश दिए हैं कि रात के समय पंडाल को पूरी तरह खाली न छोड़ा जाए। समिति की ओर से एक जिम्मेदार सदस्य को पंडाल में रुकने की जवाबदारी दी जाए। इससे प्रतिमा और पंडाल की सुरक्षा के साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जा सकेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पंडाल में होने वाली किसी भी विवाद की स्थिति में समिति की जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है। पुलिस ने समितियों से यह भी कहा है कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो समिति के सदस्य खुद विवाद में उलझने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।

रात 10 बजे बाद तेज साउंड पर रोक

गणेशोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी पुलिस ने समितियों को निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में साउंड सिस्टम और लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने समितियों से निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि स्तर का पालन करने को कहा है, ताकि बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी न हो।

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि थाना क्षेत्र में अब तक करीब 55 स्थानों पर गणेश प्रतिमा स्थापना की जानकारी मिली है। सभी समितियों को सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं गंज थाना प्रभारी अमित पवार ने बताया कि थाना क्षेत्र में करीब 25 सार्वजनिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित होंगी। समितियों के प्रमुखों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन की जानकारी देकर उसका पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

इनका कहना….
सुरक्षा को लेकर गणेश उत्सव समितियों को उचित दिशा निर्देश जारी किए है। सीसीटीवी कैमरे लगाने निर्देशित किया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में साउंड नही बजेगा। पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस पेट्रोलियम टीम भी सक्रिय रहेगी।
वीरेन्द्र जैन, एसपी, बैतूल

 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button