Ward Parikrama: प्रताप वार्ड में सड़कों और नालियों का आभाव

विकास के दावों को वार्डवासियों ने नाकारा
Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के प्रताप वार्ड क्रमांक 14 में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। वार्ड की सड़कों, नालियों और पेयजल व्यवस्था की बदहाली ने स्थानीय रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। वार्डवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में मूलभूत सुविधाएं भी पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं।
सांझवीर टाइम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं सामने रखीं। रहवासियों ने बताया कि प्रताप वार्ड से इटारसी रोड को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में हालात और बदतर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वार्ड के कई हिस्सों में अब तक पक्की सड़कें नहीं बन सकी हैं। वहीं पानी निकासी के लिए नालियों का अभाव होने से गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा रहता है। इससे संक्रमण और मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ रहा है। पेयजल व्यवस्था भी लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बनी हुई है। रहवासियों का आरोप है कि पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई नहीं होने से उन्हें रोजाना पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है।
वार्डवासियों का कहना है कि चुनाव के समय किए गए वादे अब तक कागजों से बाहर नहीं निकल पाए हैं। लोगों ने नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क, नाली और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास के दावे तभी सार्थक होंगे, जब जनता को बुनियादी सुविधाएं वास्तव में मिलेंगी।

क्या कहते हैं वार्डवासी
वार्ड में पानी की समस्या बनी हुई है। 3-4 दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई होती है और वह भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता। वार्डवासियों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
– प्रकाश नामदेव, वार्डवासी

वार्ड में लंबे समय से नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। गंदा पानी सड़कों पर बहने से गंदगी फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस संबंध में वार्ड पार्षद से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
– लक्ष्मी अहाके, वार्डवासी

वार्ड में वर्षों से सड़क निर्माण नहीं हुआ है। पुरानी सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। खराब सड़क के कारण रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
– मीरा धाड़से, वार्डवासी

वार्ड में नाली की समस्या गंभीर बनी हुई है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधियों ने वार्ड की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। वार्डवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं और उनकी समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है।
– आशा धुर्वे, वार्डवासी

वार्ड में व्यापक विकास कार्य हुए हैं : पार्षद
मेरे वार्ड में सड़क और नाली निर्माण के इतने कार्य हुए हैं कि उनकी पूरी सूची बताना भी कठिन है। अधिकांश समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। इटारसी रोड से जुड़ने वाली सड़क के टेंडर जारी हो चुके हैं और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वार्ड में अब तक 3 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। मैं अपने कार्यों और वार्ड में हुए विकास से पूरी तरह संतुष्ट हूं।
– रजनी राजेश वर्मा, पार्षद, वार्ड क्रमांक 14
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




