Betul Samachar: शाहपुर में सागौन कटाई पर उठे सवाल, लाखों के भुगतान से पहले 5 गुना पौधरोपण की शर्त

वन विभाग की निगरानी में डिपो पहुंच रहे लट्ठे, नियमों के पालन के बाद ही होगा भुगतान
Betul Samachar: बैतूल। शाहपुर बस स्टैंड के पीछे निजी भूमि पर बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ों की कटाई के मामले में अब भुगतान प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक मौके से कटे सागौन के लट्ठे का परिवहन कर उन्हें वन विभाग के डिपो पहुंचाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर पर्यावरणीय नियमों के पालन को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार निजी भूमि पर लगे लगभग 300 से 400 सागौन पेड़ों की कटाई की गई है। नियमानुसार किसी भी वृक्ष कटाई के एवज में भू-स्वामी को एक पेड़ के बदले पांच पौधे लगाना अनिवार्य होता है, ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे। इस हिसाब से संबंधित भू-स्वामी को करीब 1500 से 2000 पौधों का रोपण करना होगा।
कहां और कब लगेंगे पौधे इसका अता-पता नहीं
इस मामले मे की जा रही जल्दबाजी कई सवाल खड़े कर रही हैं। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पौधरोपण किस स्थान पर किया जाएगा और पौधों की व्यवस्था किस माध्यम से होगी। इस बीच सूत्रों का दावा है कि कटे हुए लट्ठे पर हैमर लगाकर उन्हें डिपो भेजा जा रहा है तथा डिपो पहुंचने के बाद भू-स्वामी को भुगतान की तैयारी भी चल रही है।
निर्धारित मानकों के पूर्ण होने के बाद ही होगा लाखों का भुगतान
इधर वन विभाग के अधिकारियों ने भुगतान संबंधी अटकलों को खारिज करते हुए साफ कहा है कि नियमों का पालन किए बिना किसी भी स्थिति में भुगतान संभव नहीं है। अधिकारियों के अनुसार पौधरोपण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से इसकी जांच करेंगे। इसमें यह देखा जाएगा कि पौधे कहां से खरीदे गए, किस भूमि पर लगाए गए तथा उनकी संख्या निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
वन विभाग का कहना है कि जब तक पौधरोपण की पुष्टि नहीं हो जाती तब तक सागौन की कटाई के एवज में मिलने वाली राशि भू-स्वामी को जारी नहीं की जाएगी। यदि नियमों की अनदेखी सामने आती है तो भुगतान प्रक्रिया लंबे समय तक अटक सकती है। इस पूरे मामले पर स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों की भी नजर बनी हुई है। उनका कहना है कि बड़े पैमाने पर सागौन कटाई से पर्यावरण पर असर पड़ सकता है, इसलिए नियमों का सख्ती से पालन होना जरूरी है।
इनका कहना…
सागौन लट्ठे का परिवहन डिपो किया जा रहा है, लेकिन जब तक भू-स्वामी पांच गुना पौधरोपण नहीं करता और उसकी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा।
उत्तम सिंह सस्त्या, एसडीओ शाहपुर
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




