Betul Samachar: मैरिज लॉन के बाहर वाहन खड़े करने पर सख्ती, होगी चालानी कार्रवाई

लॉन संचालकों को कचरा निष्पादन की जिम्मेदारी, नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
Betul Samachar: बैतूल। शहर में शादी-विवाह के सीजन के दौरान बढ़ती भीड़ और यातायात अव्यवस्था को लेकर नगर पालिका और यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए प्रशासन अब मैरिज लॉन संचालकों और वाहन चालकों पर निगरानी बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय, एसडीओपी सुनील लाटा और यातायात थाना प्रभारी गजेंद्र केन सहित मैरिज लॉन संचालको के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर के विभिन्न मैरिज लॉन्स के बाहर सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों को लेकर गहन चर्चा की गई। सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि अधिकांश मैरिज लॉन्स में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था होने के बावजूद लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अब सख्ती से नियम लागू किए जाएंगे।
सड़क पर खड़े दिखे वाहन तो झेलना होगा चालान
यातायात थाना प्रभारी गजेंद्र केन ने स्पष्ट किया कि सभी मैरिज लॉन संचालकों को अपनी पार्किंग व्यवस्था का स्पष्ट संकेत देने के लिए बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही, यदि कोई वाहन सड़क पर खड़ा पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी तय किया है कि बारात में शामिल डीजे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ओवरसाइज डीजे वाहन, जो सड़क पर अन्य वाहनों की आवाजाही में बाधा बनते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा डीजे के ध्वनि स्तर और संचालन समय को लेकर भी प्रशासन सख्त है। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों और समय सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। यदि कोई भी डीजे निर्धारित समय से अधिक बजता पाया गया या ध्वनि प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन करता है, तो संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता पर रहेगी नपा की कड़ी नजर
स्वच्छता को लेकर भी नगर पालिका ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। सीएमओ नवनीत पांडेय ने कहा कि मैरिज लॉन संचालकों को अपने परिसर से निकलने वाले कचरे और गंदगी का स्वयं निष्पादन करना होगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आयोजन के बाद आसपास के क्षेत्र में गंदगी न फैले और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अवहेलना करने वाले मैरिज लॉन संचालकों और वाहन चालकों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और स्वच्छता बनाए रखी जा सके।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




