Betul News: फसल बीमा में बड़ा घोटाला: किसानों से वसूला पूरा प्रीमियम

कंपनी में जमा कम, समिति प्रबंधक पर धोखाधड़ी के आरोप
Betul News: बैतूल। जिले के आठनेर तहसील अंतर्गत ग्राम धनोरा से फसल बीमा योजना में गंभीर अनियमितता और घोटाले का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी ललिता मायवाड़ ने लिखित शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि समिति प्रबंधक द्वारा किसानों से पूर्ण प्रीमियम राशि वसूलने के बावजूद बीमा कंपनी में कम राशि जमा की गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
शिकायत के अनुसार, ललिता मायवाड़ के ससुर रामरतन के खसरा नंबर 419/2 एवं 428/11 में ही बीमा दर्ज किया गया, जबकि अन्य खसरों का प्रीमियम भी समिति प्रबंधक धर्मराज धोटे द्वारा काट लिया गया। आरोप है कि उक्त अतिरिक्त राशि बीमा कंपनी में जमा नहीं कराई गई, बल्कि उसका गबन कर लिया गया।
रकम तो वसूली लेकिन बीमा कम्पनी में नहीं कि जमा
ललिता मायवाड़ ने बताया कि यह मामला केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी सास शांति मायवाड़ सहित गांव के कई अन्य किसान भी इस तरह की अनियमितताओं के शिकार हुए हैं। किसानों से उनके पूरे कृषि रकबे के आधार पर बीमा प्रीमियम वसूला गया, लेकिन बीमा कंपनी में जानबूझकर कम रकबा दर्ज किया गया। इससे कंपनी में कम प्रीमियम जमा हुआ, जबकि शेष राशि का दुरुपयोग किया गया।
सर्वे सूची से कई किसानों को बाहर करने का आरोप
मामले में यह भी सामने आया है कि तकनीकी सर्वेक्षण के दौरान कई पात्र किसानों के नाम सर्वे सूची से बाहर रखे गए और कई किसानों के वास्तविक रकबे को कम दर्शाया गया। परिणामस्वरूप, जब फसल को नुकसान हुआ तो प्रभावित किसानों को उनके वास्तविक रकबे के अनुसार मुआवजा नहीं मिल सका, जिससे वे आर्थिक संकट में आ गए।
शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि इस पूरे प्रकरण में संबंधित समिति प्रबंधन, बीमा कंपनी और तकनीकी सर्वेक्षण करने वाले सर्वेयर के बीच मिलीभगत हो सकती है। यदि ऐसा है तो यह एक संगठित भ्रष्टाचार का मामला बनता है, जिसमें कई स्तरों पर अनियमितताएं की गई हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा किसानों को उनके वास्तविक नुकसान के अनुसार मुआवजा दिलाया जाए।
साथ ही, गबन की गई राशि की वसूली कर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने की भी मांग की गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और किसानों को न्याय कब तक मिल पाता है। इस गम्भीर मामले को लेकर रजिस्ट्रार सहकारी समिति के के शिव से उनके मोबाइल नम्बर 9425818960 पर कॉल किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



