Betul News: एडवांस पेमेंट देने के बाद ही मिल रहा पेट्रोल-डीजल का टैंकर

नायरा कंपनी ने पेट्रोल के 5 रुपए और डीजल के 3 रुपए बढ़ाए दाम
Betul News: बैतूल। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और वैश्विक परिस्थितियों का असर अब पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति और कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते तेल बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ गया है, जिसका प्रभाव स्थानीय स्तर पर भी महसूस किया जा रहा है।
जिले के पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार अब तेल कंपनियों ने आपूर्ति व्यवस्था में सख्ती करते हुए नई शर्तें लागू कर दी हैं। नायरा कंपनी के संचालकों ने तो जिले की सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल के दाम पांच और डीजल के दाम तीन रुपए प्रति लीटर बढ़ाकर वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है।
इधर जानकारी सामने आई है कि पेट्रोल पंप संचालकों को कंपनियों से पेट्रोल-डीजल का टैंकर बिना एडवांस भुगतान के भी उपलब्ध हो जाता था, लेकिन वर्तमान में कंपनियों ने यह व्यवस्था बंद कर दी है। अब पंप संचालकों को पहले पूरी राशि एडवांस जमा करनी पड़ रही है, उसके बाद ही पेट्रोल या डीजल से भरा टैंकर भेजा जा रहा है।
इस बदलाव से खासतौर पर छोटे और मध्यम स्तर के संचालकों के सामने आर्थिक दबाव की स्थिति बन गई है। पंप संचालकों का कहना है कि पहले टैंकर समय पर और सहज प्रक्रिया से मिल जाता था, लेकिन अब भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही डिस्पैच किया जा रहा है, जिससे सप्लाई में हल्का विलंब भी देखने को मिल रहा है। हालांकि जिले में फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कोई बड़ी किल्लत सामने नहीं आई है और अधिकांश पंपों पर ईंधन उपलब्ध है।
तेल कंपनियों ने पंप संचालकों को यह भी निर्देश दिए हैं कि वाहनों के अलावा कुप्पी या कैन में अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने से बचें। इसका उद्देश्य अनावश्यक भंडारण और संभावित कालाबाजारी को रोकना बताया जा रहा है। प्रदेश के कुछ जिलों में ईंधन की कमी की खबरें जरूर सामने आई हैं, लेकिन बैतूल जिले में स्थिति अभी सामान्य बनी हुई है।
अब इन दामों पर मिलेगा पेट्रोल
इसी बीच निजी पेट्रोलियम कंपनी नायरा ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है। पूर्व में नायरा के पेट्रोल पर 107.40 रुपए और डीजल के दाम 92.70 पैसे थे। इनमें अब बढ़ोत्तरी कर क्रमश 112.40 रुपए और 95.70 रुपए दाम कर दिए गए।
इससे नायरा पेट्रोल पंपों से ईंधन लेने वाले उपभोक्ताओं को अब अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। जिला मुख्यालय पर आकाशवाणी के पास संचालित नायरा पेट्रोल पंप पर भी नई दरें लागू हो गई हैं। कीमत बढ़ने से ईंधन की खपत और सप्लाई व्यवस्था पर असर पड़ने की चर्चा भी शुरू हो गई है। वहीं प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर स्टॉक और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का संग्रह न करें। कई बार अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने पहुंच जाते हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ जाती है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी हैं।
इनका कहना…
जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत नहीं है। अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर जायजा लिया। कहीं भी कोई परेशानी सामने नहीं आई है।
केके टेकाम, जिला आपूर्ति अधिकारी, बैतूल
पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो रहा है। हालांकि तेल कंपनियों द्वारा अब एडवांस पैमेंट जमा करने पर ही टैंकर भेंजा जा रहा है।
विवेक मालवीय, पेट्रोल पंप संचालक, बैतूल




