Betul News: सुरभि को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसैलाब, मंत्रियों सहित हजारों लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

वीआईपी मूवमेंट के बीच प्रशासन रहा मुस्तैद, चाक-चौबंद दिखी व्यवस्थाएं
Betul News: बैतूल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल तथा आरडीपीएस स्कूल की संचालक ऋतु खंडेलवाल की सुपुत्री स्व. सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बुधवार को न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड, कोठीबाजार में विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां हजारों की संख्या में जिलेवासियों सहित अन्य जिलों से आए लोगों ने नम आंखों से सुरभि को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कश्यप भी यहां पहुंचे जिन्होंने सुरभि के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और आम नागरिकों की बड़ी उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया। गौरतलब है कि सुरभि के निधन के बाद से ही बैतूल शहर में शोक की लहर व्याप्त है। पिछले एक सप्ताह से लगातार वीआईपी मूवमेंट देखने को मिल रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई वरिष्ठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने खण्डेलवाल निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की थी।

प्रशासनिक व्यवस्था रही दुरुस्त, हर चुनौती का किया सामना
लगातार हो रहे वीआईपी आगमन के चलते प्रशासन के सामने लगातार सुरक्षा और प्रोटोकॉल बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासनिक अमले ने समन्वय के साथ बेहतरीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। एक ही दिन में कई वीआईपी के आगमन के बावजूद कहीं भी अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।
मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भी प्रशासन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बनाकर भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा की प्रभावी व्यवस्था की। कार्यक्रम स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भीड़ और लोगों की भावनात्मक सहभागिता ने यह दर्शाया कि स्व. सुरभि खण्डेलवाल ने अपने जीवन में समाज के बीच गहरी छाप छोड़ी थी, जिसकी झलक उनके श्रद्धांजलि कार्यक्रम में साफ दिखाई दी।
देखें सभी फोटो








