Betul Samachar: युद्ध की आहट के बीच एलपीजी को लेकर हाय-तौबा,आपूर्ति सामान्य होने का दावा

बुकिंग अवधि 21 से बढ़कर 25 दिन, बैतूल में फिलहाल गैस की किल्लत नहीं
Betul Samachar: बैतूल। पश्चिमी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण देशभर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया और अफवाहों के चलते आम जनता के बीच भी एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर असमंजस की स्थिति बनती नजर आ रही है। कई जगह लोग यह आशंका जता रहे हैं कि आने वाले दिनों में गैस की किल्लत हो सकती है। हालांकि बैतूल जिले में गैस एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार सरकार ने घरेलू सिलेंडर की बुकिंग अवधि में मामूली बदलाव किया है। पहले उपभोक्ता 21 दिन बाद दोबारा सिलेंडर बुक कर सकते थे, जिसे अब बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य किसी प्रक्रिया में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। ई-केवाईसी की प्रक्रिया पहले से ही अनिवार्य है और जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, उन्हें यह प्रक्रिया पूरी करना जरूरी होगा।

डिमांड और सप्लाई पहले जैसी ही
एचपी गैस एजेंसी संचालक सुरेंद्र कपूर ने बताया कि घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में भले ही बढ़ोतरी हुई हो, लेकिन बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा है। उन्होंने बताया कि गैस की मांग और आपूर्ति पहले की तरह ही सुचारू रूप से चल रही है। आम तौर पर एक घरेलू सिलेंडर 25 से 30 दिन तक चलता है, इसलिए डिमांड में अचानक बढ़ोतरी जैसी स्थिति फिलहाल नहीं है। वहीं कमर्शियल सिलेंडरों की मांग पूरी तरह उपयोग पर आधारित होती है और उसकी आपूर्ति भी नियमित रूप से हो रही है।
तीन दिन बढ़ी बुकिंग अवधि, वितरण में नहीं दिक्कत
एचपी गैस वितरक विजय साबले ने बताया कि आम तौर पर एक दिन में 20 से 25 बुकिंग हमारे द्वारा की जाती है,जिस पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन किए जाने के कारण उपभोक्ताओं को केवल तीन से चार दिन का अंतर महसूस होगा। इसके अलावा सिलेंडरों के वितरण में किसी तरह की परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि डिपो से गैस की आपूर्ति लगातार जारी है और एजेंसी के पास भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन आने वाले दिनों में क्या स्थिति बनती है यह तो बाद में ही पता चलेगा।
अफवाहों से बचने की उपभोक्ताओं से अपील
गैस एजेंसी संचालकों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे रसोई गैस को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में न आएं। फिलहाल जिले में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और बुकिंग के बाद पहले की तरह ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय हालात का क्या असर पड़ेगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई है। फिलहाल बैतूल जिले में एलपीजी को लेकर मची हाय-तौबा के बीच वास्तविक स्थिति सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की घबराहट की जरूरत नहीं है




