Betul Samachar: कालेज मार्ग बंद होने से हंगामा, विद्यार्थिर्यों- ठेकेदार के बीच चक्काजाम पर विवाद

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत, दो माह से बंद है प्रमुख पहुंच मार्ग

Betul Samachar: बैतूल। शहर के कॉलेज चौक पर निर्माणाधीन पुलिया के कारण पिछले दो माह से मार्ग बंद होने से परेशान विद्यार्थियों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। आवागमन बाधित होने से नाराज विद्यार्थियों ने दोपहर में कॉलेज चौक पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराया।

विद्यार्थियों ने बताया कि पुलिया निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है, जिससे उन्हें कॉलेज आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने के कारण विद्यार्थियों को घूमकर संकरे और जोखिम भरे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। संकरा मार्ग होने से यहां कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें कई विद्यार्थी घायल हो चुके हैं। विद्यार्थियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है और कई दिनों तक काम पूरी तरह बंद रहता है, जबकि सप्ताह में केवल एक-दो दिन ही निर्माण कार्य होता है।

जांच और कार्रवाई की उठाई मांग

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने पुलिया निर्माण कार्य की स्वतंत्र और वित्तीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि शासकीय धन के दुरुपयोग और अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा कर मार्ग चालू नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

चक्काजाम से बिगड़ी यातायात व्यवस्था

चक्काजाम के कारण कॉलेज चौक पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर यातायात प्रभारी गजेंद्र केन और कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग तक उनकी मांग पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने चक्काजाम समाप्त किया, जिससे यातायात व्यवस्था फिर से सुचारू हो सकी। विद्यार्थियों ने प्रशासन से पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द मार्ग शुरू करने की मांग की है, ताकि उन्हें रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

विद्यार्थियों और ठेकेदार के बीच झूमा-झटकी, पुलिस ने कराया समझौता

चक्का जाम स्थल पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब पुलिया निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार और प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के बीच कहासुनी के बाद झूमा-झटकी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यार्थी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य जारी रखने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई।

मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया, जिससे बड़ी घटना टल गई। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने उनके साथ अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे माहौल और गरमा गया। वहीं ठेकेदार का कहना है कि वह केवल अपना काम कर रहा था और विवाद अनावश्यक रूप से बढ़ाया गया।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button