Betul News: शराब कारोबार में एकछत्र राज का आतंक: युवक से सरेराह मारपीट 

पिस्टल का डर दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

Betul News: बैतूल। जिले में शराब कारोबार से जुड़े दबंगों का खौफ एक बार फिर सामने आया है। एकछत्र राज के दम पर खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए एक युवक के साथ सरेराह मारपीट की गई और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर थाना शाहपुर में मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।

शाहपुर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार फरियादी दिव्यांशु मिश्रा 29 वर्ष निवासी यादव मोहल्ला, शिव मंदिर के पास हमलापुर, अपने साथी विवेक सिंह और दीपक जायसवाल के साथ थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी।

फरियादी ने बताया कि 9 जनवरी की रात करीब 8 बजे वह बैतूल से सुखतवा स्थित अपनी शराब दुकान जाने के लिए डिजायर कार से निकले थे। रात करीब 8.40 बजे बरेठा तिराहे के पास उनका परिचित उमाकांत मालवीय मिला, जिससे वे रुककर बातचीत करने लगे।

इसी दौरान पास में खड़ी एक गाड़ी से उतरकर धर्मेन्द्र गुजर, जो एक शराब ठेकेदार का दबिश मैनेजर बताया जा रहा है, मौके पर आया और बिना किसी कारण मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगा। आरोप है कि धर्मेन्द्र गुजर ने फरियादी को जबरन कार से बाहर निकालकर बेसबॉल के बल्ले से हमला किया, वहीं उमाकांत मालवीय ने भी मारपीट की। मारपीट में फरियादी के बाएं हाथ की कलाई, दोनों पैरों की जांघ के पीछे तथा होंठ पर गम्भीर चोटें आई हैं।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के समय आरोपियों के साथ दो अन्य अज्ञात लोग भी मौजूद थे। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद धर्मेन्द्र गुजर ने यह कहते हुए धमकी दी कि उसकी गाड़ी में पिस्टल रखी है और यदि उसने शराब सप्लाई करने वाली गाड़ियों की सूचना किसी को दी तो जान से मार देगा। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में ले लिया है। इस घटना ने एक बार फिर जिले में शराब कारोबार से जुड़े रसूखदार लोगों की दबंगई और कानून व्यवस्था पर उठते सवालों को उजागर कर दिया है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button