Betul News: विधायक की प्राथमिकता वाला सब्जी बाजार सड़क पर

नपा का दावा- तहसीलदार और पुलिस विभाग अतिक्रमण हटाने नहीं कर रही सहयोग
Betul News: बैतूल। विधायक हेमंत खंडेलवाल की प्राथमिकता वाले गंज क्षेत्र का सब्जी बाजार एक फिर सड़क पर आ गया है। नगरपालिका ने पुराने प्राइमरी स्कूल की रिक्त पड़ी जमीन को व्यवस्थित कर बाजार स्थल के लिए तय कर दिया है। इसके बावजूद कई दुकानदार सड़क पर ही दुकान लगाकर विलेन के रूप में सामने आए हैं। नपा का दावा है कि इन दुकानदारों को हटाने के लिए तहसीलदार और पुलिस से मदद मांगी गई, लेकिन पत्रों का न तो जवाब दिया और न ही कोई सहयोग। यही वजह है कि विधायक की प्राथमिकता वाले बाजार को सड़क से हटाने के लिए नपा बौनी साबित हो गई है।
शहर में सब्जी बाजार सड़क पर लगने के कारण आए दिन हादसे की वजह और पार्षदों की शिकायत के बाद विधायक हेमंत खंडेलवाल ने नपा के साथ राजस्व और पुलिस अधिकारियों की की संयुक्त बैठक ली थी। इस बैठक में तय किया गया था कि गंज में कालेज चौक से प्राइमरी स्कूल तक लगने वाला बाजार नंदी चौक पर रिक्त पड़ी नपा की भूमि पर लगाया जाएगा।
इसके आलावा कोठीबाजार का साप्ताहिक बाजार अभिनंदन सरोवर के पीछे शिफ्ट करने पर सहमति बनी। नपा ने गंज में जमीन होने के कारण नंदी चौक की बड़ी जगह पर एलईडी और पेविंग ब्लाक लगाकर तेजी से व्यवस्था बना दी और बाजार भी यहां पर शिफ्ट कर दिया। इससे गंज क्षेत्र का यातायात सुचारू हो रहा है, लेकिन कुछ दुकानदारों ने अभी भी यहां से दुकानें नहीं हटाई है। विलेन के रूप में रोजाना दुकानें लगाकर राजस्व कर्मियों के साथ अभद्रता की जा रही है। दूसरी ओर कोठीबाजार का साप्ताहिक बाजार अभी भी अभिनंदन सरोवर के पीछे शिफ्ट नहीं होने के कारण लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

आए दिनों विवाद की स्थिति
नगरपालिका ने करीब एक दर्जन दुकानदारों द्वारा कालेज चौक से प्राइमरी स्कूल तक सड़क पर दुकानें लगाए जाने पर दुकानदारों को चेतावनी दी। चूंकि यहां पर दुकानें लगाए जाने से नपा को हर दिन होने वाले राजस्व का भी फटका बैठ रहा है। कई दुकानदार ऐसे हैं जो अमले को प्रतिदिन भुगतान नहीं कर रहे हैं। राजस्वकर्मियों के साथ गाली गलौच और विवाद की स्थिति भी बन रही है। इससे भयभीत राजस्वकर्मी दुकानदारों को चाहकर भी सड़क से नहीं हटा पा रहे हैं। इन दुकानदारों में सब्जी विक्रेताओं के अलावा फल विक्रेता भी शामिल हैं, जो नपा के राजस्व का नुकसान पहुंचाने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
विभागों में तालमेल नहीं होने का सार्वजनिक प्रदर्शन
यह पहला मौका नहीं है, जब नपा ने सब्जी बाजार और अन्य व्यवस्था बनाने के लिए तहसीलदार और पुलिस विभाग को पत्र लिखा हो। पहले भी नगरपालिका के पत्र को तहसीलदार और पुलिस को हल्के में लिया। इस बार तो हद यह हो गई कि नवंबर से अब तक नपा 2-3 बार पत्र लिखकर तहसीदार से राजस्व की टीम और पुलिस से दो सैनिकों की डिमांड कर रही है, लेकिन तहसीलदार की ओर से कोई जवाब नपा को नहीं मिला। इधर गंज थाने से भी शाम को 6 बजे से 8 बजे तक नपा की दो सैनिकों की मांग पर कोई जवाब नहीं दिया। नपा के पत्रों के बाद एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि कलेक्टर की सख्ती के बावजूद विभागीय अधिकारियों में तालमेल नहीं होने के कारण व्यवस्था बेपटरी होते जा रही है। इस संबंध में तहसीलदार पूनम साहू को उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सकी।
इनका कहना…
हमने तहसीलदार और पुलिस से बाजार समेत अन्य अतिक्रमण हटाने के लिए समय मांगा है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसी वजह सब्जी बाजार और अन्य अतिक्रमण सड़क से नहीं हटा सके हैं।
सुभाष प्रजापति, वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक, नपा बैतूल




