Betul News: मेडिकल कालेज बैतूल जिले की तस्वीर बदलेगा: नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने 338 लाख के मेडिकल कालेज का शिलान्यास किया, सीएम ने मुलताई का नाम बदलने का किया ऐलान

Betul News: बैतूल। मेडिकल कालेज आने वाले समय में बैतूल की तस्वीर और तकदीर बदल देगा, मैं इसके लिए बैतूल जिले की जनता को बधाई देता हूूं। हमारा लक्ष्य सिर्फ बीमार का ठीक करना नहीं है। हमारा लक्ष्य कोई बीमार न पड़े इसको साधना है और इसलिए मोदी जी के नेतृत्व में स्वास्थ्य जगत में बहुत गहराई से चिंतन हुआ है। आज 1 लाख 81 हजार आरोग्य मंदिर से काम किया है। कोर की बीमारी से हम छुटकारा पा चुके हैं।

आंखों की बीमारी भी गंभीर समस्या नहीं रह गई है। यह सब मैं इसलिए बोल रहा हूं पीएम के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचुल परिवर्तन करने का काम भारत के पीएम ने किया है। यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैतूल में पीपीपी मोड पर 338 लाख से बनने वाले मेडिकल कालेज के शिलान्यास अवसर पर पुलिस ग्राउंड में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने इसके पहले रिमोट की बटन दबाकर मेडिकल का औपचारिक शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते नड्डा ने कहा कि दुनिया के आंकड़े बताते हैं कि भारत में शिशु मृत्यु दर अन्य देशों से काफी कम है। इस तरह की बीमारियों को रोकने का काम मोदी जी के नेतृत्व में युद्ध स्तर पर चल रहा है। सरकार का प्रयास है कि हर जरूरतमंद को आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराई जाए। नड्डा ने कहा कि बैतूल में जो मेडिकल कालेज बन रहा है। इसमें साधारन व्यक्ति को भी आसानी से इलाज मिलेगा। यह क्षण बैतूल के लिए ऐतिहासिक होगा। आदिवासी जिला होने के कारण मेडिकल कालेज की बैतूल को जरूरत थी। यह सपना आज पूरा हो रहा है।

बैतूल-मुलताई में उद्योगों को बढ़ावा देने बनेंगे कलस्टर: मुख्यमंत्री

मेडिकल कालेज के शिलान्यास कार्यक्रम में बैतूल आए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि जनकल्याण और बदलते दौर में मोदी सरकार हर परिवर्तन कर रही है। भोपाल में मेट्रो ट्रेन की शुरुआत इसका बेहतर उदाहरण हो सकता है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से प्रदेश में उद्योग बढ़ाए जा रहे हैं। सभी वर्ग के कल्याण के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी महानायकों के लिए पूरे प्रदेश में संग्राहलय बनाए जा रहे हैं। ऐसा संग्रालय बैतूल में भी बनाया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार की मांग पर पवित्र नगरी मुलताई का नाम मुलतापी करने की घोषणा की तो करतल ध्वनी से इसका स्वागत किया। जिले की औद्योगिक मांगों को देखते हुए बैतूल विधायक के अनुरोध पर उन्होंने गुड़ के उत्पादन बढ़ाने के लिए क्लस्टर बनाने की घोषणा की। इसके अलावा कोसमी और मुलताई में क्लस्टर बनाने की भी घोषणा की है।

जिले के इतिहास में स्वर्णिम अवसर: डीडी

कार्यक्रम को संबोधित करते क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि नड्डा जी का मुख्य आतिथ्य पाकर अभिभूत है। उन्होंने महाकाल के भक्त मुख्यमंत्री मोहन यादव का जिले की पावन धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि जिले के इतिहास में यह स्वर्णिम अवसर है, जब उनकी लोकसभा बैतूल में वीरभूमि के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से चिकित्सा महाविद्यालय की सौगात मिली है। उन्होंने पूरे जिले के लोगों की ओर से आभार माना।

चिकित्सा क्षेत्र में बैतूल की बड़ी छलांग: हेमंत

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मेडिकल कालेज का बैतूल के लिए गौरव की बात है। यह चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी छलांग है। इतिहास में यह दिन हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे आदिवासी भाइयों और लोगों को महानगरों में जाकर इलाज नहीं कराना पड़ेगा, अब यही पर 600 बेड के अस्पताल में सभी बीमारियों का इलाज संभव होगा। 75 प्रतिशत गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा। इसके लिए केंद्रीय और मुख्यमंत्री का आभार माना। उन्होंने बताया कि भविष्य में राष्ट्रीय स्तर का बेहतर ग्राउंड बैतूल में होगा। अगले 4-5 वर्षों में जिले में बड़े उद्योग खोले जाएंगे। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। खंडेलवाल ने कहा कि नड्डा चौथे राष्ट्रीय अध्यक्ष है जो बैतूल की पावन भूमि पर आए हैं। जिले की जनता के लिए जितना धन्यवाद है, वह कम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का आशीर्वाद आपको हमेशा मिलते रहेगा और आने वाले समय में फिर पांचों सीट पर कमल खिलाएंगे।

विरोध कर रहे कांग्रेसी हिरासत में

युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा था। समय न मिलने के बाद कार्यकर्ता न्यू बैतूल स्कूल मैदान पर बने हेलीपेड पर विरोध करने पहुंच गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष-केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सीएम डॉ मोहन यादव के आगमन के पूर्व कार्यकर्ता काले झंडे लेकर यहां पहुंचे तो अफरा-तफरी मच गई। युकां कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने युकां के जिला अध्यक्ष संजय यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली समेत अन्य जगह भेज दिया। युकां कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर मुख्यमंत्री का विरोध करने के लिए पहुंचे थे।

380 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास- भूमिपूजन

इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पुलिस ग्राउंड में कार्यक्रम स्थल से ही 300 करोड़ की लागत से बनने वाले मेडिकल कालेज का शिलान्यास किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अंतर्गत 26 करोड़ 76 लाख के 16 कार्यों का लोकार्पण और 122 विभिन्न कार्यों के लिए भूमिपूजन भी किया गया। इसमें मेडिकल कालेज का लोकार्पण पीपीपी मोड पर हुआ है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री ने सात विभागोंं द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष- बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक महेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, डॉ योगेश पंडाग्रे, गंगा उइके, जिला पंचायत राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता हितग्राही और अन्य लोग मौजूद रहे।

हेलीपेड पर इंतजार करते रहे जनप्रतिनिधि

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का उड़न खटोला निर्धारित 2.45 बजे न्यू बैतूल स्कूल मैदान पर उतरना था, लेकिन धार के कार्यक्रम के कारण करीब एक घंटे देरी से उड़न खटोला बैतूल पहुंचा। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, प्रभारी मंंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी वीरेंद्र जैन हेलीपेड के बाहर भाजपा नेता और आम लोगों से चर्चा करते देखे गए।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button