Betul Samachar: केला व्यापारी की कार पर पथराव कर 16 लाख की लूट का प्रयास
Betul Samachar: Attempt to loot Rs 16 lakh by pelting stones at banana trader's car

वाहन चालक की सुझबूझ से बदमाश मंसूबे नहीं हुए कामयाब
Betul Samachar: बैतूल। जिले के खेड़ी घाट क्षेत्र में मंगलवार की मध्यरात्रि एक सनसनीखेज वारदात में अज्ञात बदमाशों ने केला व्यापारी की कार पर पथराव कर लूटने का प्रयास किया। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से व्यापारी की जान और लाखों रुपए की नकदी दोनों सुरक्षित बच गए। घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है।

महाराष्ट्र के पथरोट निवासी केला व्यापारी कौसर बेग व्यवसायिक कार्य से बैतूल आए थे और देर रात अपनी कार से वापस लौट रहे थे। जब वे खेड़ी घाट के पास पहुंचे, तभी सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे चार अज्ञात लोगों ने अचानक उनकी कार पर जोरदार पथराव कर दिया। पथराव से कार का शीशा टूट गया और वाहन असंतुलित होने लगा। बदमाशों का इरादा वाहन रोककर लूटपाट करने का था, लेकिन चालक ने फुर्ती दिखाते हुए कार की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से निकल गए। घटना के बाद व्यापारी और चालक सीधे अपने घर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि व्यापारी के पास व्यवसाय से वसूले करीब 16 लाख 50 हजार रुपए भी थे। अगले दिन बुधवार को कौसर बेग ने खेड़ी पुलिस चौकी में घटना की शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी राकेश सरेआम ने बताया कि केला व्यापारी के साथ ताप्ती घाट क्षेत्र में पथराव कर लूट का प्रयास किया गया था। तीन से चार अज्ञात बदमाश इस वारदात में शामिल थे। व्यापारी ने शिकायत में नगदी का उल्लेख नहीं किया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।




