Betul Samachar: युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी सदस्यता का खतरा, बैतूल जिले में हजारों सदस्य हो सकते हैं बाहर

Betul Samachar: Threat of fake membership in Youth Congress elections, thousands of members may be expelled in Betul district

आर्टिफिशयल टेक्नोलॉजी से हो रही सदस्यता की जांच

Betul Samachar: बैतूल। युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के तहत 19 जुलाई को सदस्यता लेने की अंतिम तिथि के साथ ही प्रत्याशी चुनने की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है, लेकिन इसी बीच फर्जी सदस्यता को लेकर गड़बड़ी की बड़ी आशंका सामने आई है। जानकारी मिली है कि बैतूल जिले में बड़ी संख्या में ऐसे युवाओं की सदस्यता रद्द हो सकती है, जिन्होंने तय मानकों को दरकिनार कर सदस्यता ली है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान अन्य जगहों पर अभी तक लाखों की संख्या में सदस्यों की सदस्यता रद्द की जा चुकी है। जिले के कांग्रेसी नेताओं ने भी माना है कि जांच के दौरान बैतूल जिला भी प्रभावित होने की पूरी संभावना है। यदि ऐसा हुआ तो भविष्य में कांग्रेस की चुनावी बिसात भी गड़बड़ा सकती है।

निर्धारित माप दंड दरकिनार, तो स्वत: हो जाएंगे बाहर

प्राप्त जानकारी के अनुसार कई युवाओं ने युकां सदस्यता के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे मतदाता परिचय पत्र (वोटर आईडी) के स्थान पर पैन कार्ड या अन्य पहचान-पत्र अपलोड कर दिए हैं। इसके अलावा, सदस्यता के लिए मांगे गए लाइव फोटो के स्थान पर दूसरे फोटो अपलोड करने के भी मामले सामने आए हैं। यह सब इसलिए किया गया ताकि ज्यादा से ज्यादा सदस्यों को जोड़ा जा सके और अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में भारी मतदान करवाया जा सके, लेकिन इस बार पूरी सदस्यता और मतदान प्रक्रिया यूथ कांग्रेस कलेक्शन एप के माध्यम से की जा रही है और इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है।

एआई के ज़रिए अपलोड किए गए दस्तावेजों और तस्वीरों का गहराई से मिलान किया जा रहा है। क्या एक ही मोबाइल नंबर से एक से ज्यादा सदस्य तो नहीं बनाए गए? क्या लाइव फोटो सही तरीके से लिया गया है या गैलरी से पुराना फोटो अपलोड किया गया है? यदि इन सभी तकनीकी शर्तों का पालन नहीं किया गया है, तो ऐसे सभी सदस्य स्वत: ही सदस्यता सूची से बाहर कर दिए जाएंगे। यह भी जानकारी सामने आई है कि युकां चुनाव में केवल वोटर आईडी को ही अधिकृत दस्तावेज माना गया है। यदि इसके स्थान पर कोई और दस्तावेज लगाया गया है तो उस सदस्य का मत स्वत: ही रद्द हो जाएगा।

बैतूल जिले में लगभग 50 हजार युवाओं ने बनाई सदस्यता

जिले की पांचों विधानसभाओं से लगभग 50 हजार युवाओं ने युकां चुनाव की सदस्यता ली है। इनमें से अधिकांश सदस्य 35 वर्ष से कम आयु के हैं। जिले में दो बड़े गुटों ने अपने-अपने प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए भरपूर लॉबिंग की है और बड़ी संख्या में समर्थकों को सदस्य बनवाया है, लेकिन अब जिस तरह से फर्जी सदस्यता के मामले सामने आ रहे हैं और एआई आधारित जांच हो रही है, उससे जिले के हजारों सदस्य चुनाव से बाहर हो सकते हैं।

पार्टी के ही कुछ वरिष्ठ नेताओं ने नाम न छापने की शर्त पर यह आशंका जताई है कि मतदाता सूची में भारी फेरबदल की संभावना है। चूंकि पूरी प्रक्रिया तकनीकी निगरानी में है, इसलिए चुनाव परिणाम से पहले ही बड़ी संख्या में सदस्यों की सदस्यता रद्द हो सकती है। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सिर्फ वैध सदस्य ही वोट डाल सकें और कोई भी फर्जी सदस्य मतदान न कर सके। चूंकि, बैतूल जिले में यह संख्या काफी बड़ी मानी जा रही है, जिससे संगठनात्मक समीकरण भी बदल सकते हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button