Betul News: खबर का असर: एसपी ने मैरिज लॉन संचालकों की ली क्लास

Betul News: Impact of the news: SP took class of marriage lawn operators

पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, डीजे संचालकों पर भी कसेंगी नकेल

Betul News: बैतूल। सांझवीर टाइम्स द्वारा गुरुवार को शहर में निकलने वाली बारातों के चलते लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर प्रकाशित खबर का त्वरित प्रभाव देखने को मिला। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया ने जिले के समस्त मैरिज लॉन संचालकों की बैठक बुलाई और उन्हें स्पष्ट निर्देश देते हुए व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश दिए। यह बैठक कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई, जिसमें नगर पालिका परिषद के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। एसपी झारिया ने कहा कि शादी समारोहों के दौरान यातायात बाधित न हो और आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए मैरिज लॉन संचालकों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

सभी सीसीटीवी कैमरे रहें चालू, पार्किंग व्यवस्था हो दुरुस्त

एसपी ने निर्देश दिए कि सभी लॉन परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरे उच्च गुणवत्ता वाले और पूरी तरह से चालू अवस्था में होने चाहिए। उन्होंने बताया कि अक्सर घटनाओं के समय कैमरे बंद पाए जाते हैं, जिससे जांच में कठिनाई आती है। इसके साथ ही लॉन के बाहर सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को गंभीर मानते हुए निर्देश दिया गया कि वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित और नियोजित होनी चाहिए।

नगर पालिका अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मैरिज लॉन को संचालन की अनुमति देने से पूर्व उसकी जानकारी पुलिस विभाग को अवश्य दी जाए, जिससे ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन की दृष्टि से समय रहते आवश्यक तैयारी की जा सके।

डीजे वाहनों पर सख्ती के संकेत

बैठक में डीजे वाहनों को लेकर भी चर्चा हुई। एसपी झारिया ने बताया कि बारातों में चलने वाले डीजे वाहन अक्सर सड़क का बड़ा हिस्सा घेर लेते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि इस विषय में परिवहन विभाग से नियमावली मंगवाई जाएगी और डीजे वाहनों की बनावट और आकार का परीक्षण किया जाएगा। यदि कोई वाहन नियमों के विरुद्ध पाया गया तो संबंधित डीजे संचालक पर सख्त कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

जनता से भी की सहयोग की अपील

एसपी झारिया ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे शादी समारोहों के आयोजन में सामाजिक उत्तरदायित्व का पालन करें। बारात निकालते समय यह सुनिश्चित करें कि सड़क पर जाम की स्थिति न बने और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button