Betul Samachar: डॉ. घोरे को सीएस की जिम्मेदारी मिलना लगभग तय
Betul Samachar: Dr. Ghore is almost certain to get the responsibility of CS.

30 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे सिविल सर्जन डॉ. बारंगा
Betul Samachar: बैतूल। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा के सेवानिवृत्त होने के बाद सीएस की जिम्मेदारी के लिए नाम तय करने में काफी दिनों से मंथन चल रहा है। लंबे मंथन के बाद शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीश घोरे को सिविल सर्जन की जिम्मेदारी मिलना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि अभी तक कोई अधिकृत आदेश नहीं हुए है। हालांकि दो दिन पहले आदेश होने की संभावना थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। सूत्र बताते हैं कि बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल और आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे नए सिविल सर्जन को लेकर सहमति बना चुके हैं।
खबर है कि जिला अस्पताल में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ घोरे का नाम तय सा हो गया है। संभावना है कि शुक्रवार शाम तक या फिर शनिवार सुबह आदेश भी आ जाएंगे। सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे है। इनके स्थान पर नए सीएस की पदस्थापना किए जाने पिछले एक पखवाड़े से मंथन जारी है। जिला कलेक्टर के साथ-साथ जनप्रतिनिधि नाम तय नहीं कर पाए थे। कलेक्टर के पास पहुंची फाइल में सिविल सर्जन के लिए चार नाम गए है, जिसमें डॉ. प्रदीप धाकड़, डॉ. जगदीश घोरे, डॉ. रेणुका गोहिया और डॉ. वंदना धाकड़ का नाम शामिल है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब इन चार नामों में से शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. घोरे का सिविल सर्जन बनना लगभग तय माना जा रहा है और जल्द ही डॉ. घोरे के सिविल सर्जन बनने के आदेश भी आ सकते हैं। पहले डॉ. धाकड़ का नाम सबसे आगे था, लेकिन सूत्र बताते हैं कि डॉ. धाकड़ के नाम से कुछ विभागीय जांच लंबित है। इसलिए उन्हें इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी नहीं दी जा रही है। अब डॉ. घोरे का नाम पहले पायदान पर है। डॉ. घोरे समय-समय पर सिविल सर्जन का प्रभार संभालते आ रहे है।
डॉ. धाकड़ के बाद सबसे सीनियर डॉक्टर में आर गोहिया का नाम शामिल है, लेकिन दिसंबर माह में डॉ. गोहिया का भी रिटायरमेंट है, इसलिए एक महीने के लिए जिम्मेदारी नहीं दी जा रही। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग भोपाल से नए सिविल सर्जन को लेकर आदेश आ सकते हैं।