Betul Pani Sankat :काली चट्टान के पास पाइप लाइन क्षतिग्रस्त, पूरे शहर की सप्लाई ठप
ज्वाइंट के बोल्ड की रबर टूटने से पूरी रात चला सुधार कार्य, कल मिलेगा शहर के लोगों को पानी

Betul Pani Sankat : बैतूल। शहर में ताप्ती बैराज से आई मुख्य पाइप लाइन का जगह-जगह से लीकेज होने का सिलसिला जारी है। इस वजह पूरे शहर में पेयजल व्यवस्था लड़खड़ा रही है। बीती शाम काली चट्टान के नीचे पेट्रोल पंप के पास मुख्य पाइप लाइन का लीकेज एक बार फिर ज्वाइंट का रबर खुल गया। हजारों लीटर पानी बहने के बाद नपा को सूचना मिली तो ताप्ती बैराज से सप्लाई बंद करना पड़ा। बीती रात आठ बजे से शुक्रवार दोपहर तक लीकेज की मरम्मत का काम जारी है। संभावना है कि शाम तक काम पूरा होने के बाद सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके बाद शहर की आठ पानी की टंकियों को भरा जाएगा। कल से ही पानी की सप्लाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
नगरपालिका ने पूर्व में पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी को मरम्मत का काम भी सौंपा था, लेकिन भुगतान के विवाद के कारण गुजरात की कंपनी ने बीच से ही काम छोड़ दिया। इसके बाद से जलशाखा ही क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को सुधारने का काम कर रही है। नपा की जल शाखा के पास पर्याप्त कर्मचारी है, लेकिन प्रशिक्षित कर्मचारियों का टोटा होने के कारण आए दिन मुख्य पाइप लाइन और अन्य पाइप लाइन भी लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। इसे सुधारने के लिए लंबा समय लग जा रहा है। पिछले दिनों दनोरा के पास क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को सुधारने के लिए लगभग 6 दिन का लंबा समय लग गया था। इससे शहर में भीषण जलसंकट गहरा गया। जैसे-तैसे सप्लाई शुरू हुई थी, इसके एक पखवाड़े बाद विवेकानंद वार्ड के फिल्टर प्लांट से शहर की अलग- अलग टंकियों को भरने के लिए जाने वाली पाइप लाइन काली चट्टान के नीचे रश्मि फ्यूल पेट्रोल पंप के पास क्षतिग्रस्त हो गई।

रात आठ बजे से शुरू हुआ मरम्मत का काम
पाइप लाइन के ज्वाइंट से रबर खुलने के कारण काली चट्टान के नीचे बड़ा लीकेज आने से हजारों लीटर पानी बह गया। जब नपा के जल शाखा प्रभारी ब्रजेश खानूरकर को इस संबंध में जानकारी मिली तो उन्होंने सबसे पहले ताप्ती बैराज से जल सप्लाई बंद कराई। करीब दो घंटे बाद 10 बजे पाइप लाइन में पानी कब होने के कारण काम शुरू किया गया। यह काम पूरी रात चलते रहा। सुबह 6 बजे तक जल शाखा प्रभारी समेत अधिकांश कर्मचारी मौके पर डटे रहे। हालांकि दोपहर तक लीकेज के मरम्मत का काम पूरा नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि जेसीबी से खुदाई के बाद मजदूरों ने बमुश्किल लीकेज को तलाशा। सुबह और खुदाई करना पड़ा। लीकेज मिलने के बाद ज्वाइंट में रबर लगाया जा रहा है। शाम पांच बजे तक काम पूरा होने के बाद सप्लाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
शहर में पानी सप्लाई नहीं, कल आएगा नल
पाइप लाइन लीकेज होने के कारण शहर में भुजरिया घाट छोड़कर शेष आठ पानी की टंकियां नहीं भराई। इससे शुक्रवार को जिन क्षेत्रों में नल आना था, वहां लोग इंतजार करते रहे। लोगों को बाद में जानकारी मिली की काली चट्टान के पास लीकेज के कारण पानी नहीं आएगा। इसके बाद 15 से अधिक वार्डों में नपा ने टैंकर पहुंचाए तो कई लोगों ने हैंडपंप और दूसरे के प्राइवेट ट्यूबलों के सहारे पानी भरा।
बार-बार लीकेज के कारणों को तलाशने की जरूरत – Betul Pani Sankat
एक ही पाइप लाइन में बार-बार कुछ निश्चित जगह लीकेज की समस्या का स्थाई निदान नहीं निकाला जा रहा है। इसी वजह नियमित अंतराल के बाद संबंधित स्थानों से लीकेज होने पर शहर में जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। पहले कालेज चौक पर लगातार लीकेज की समस्या आते रही। इसका समाधान नपा ने किया था कि नाले के पास लीकेज बार-बार होने लगे। शंकर वार्ड में एसटीडी चौक पर, जवाहर वार्ड में हाथी नाले के पास, काली चट्टान के पास लगातार लीकेज हो रहे हैं। एसटीडी चौक पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। ऐसी व्यवस्था हर जगह की जाए तो नपा को लीकेज से छुटकारा मिल सकता है।
इनका कहना….
काली चट्टान के पास मुख्य पाइप लाइन में लीकेज के बाद सुधार कार्य कराया जा रहा है। शाम तक मरम्मत करने के बाद सप्लाई शुरू की जाएगी।
ब्रजेश खानूरकर, जल शाखा प्रभारी, नपा बैतूल।




