Betul Mandi News: मंडी में उपज बेचने वाले कई किसानों को नहीं मिल रहा तत्काल नकद भुगतान

उपज बेचने के बाद राशि के लिए व्यापारियों के चक्कर काट रहे किसान
Betul Mandi News: बैतूल। कृषि उपज मंडी में किसानों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मंडी की व्यवस्था में सुधार के दावों के बीच किसानों को रोजाना नई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शेड के भीतर उपज डालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलना, तुलाई के नाम पर मनमाने तरीके से राशि वसूली और अब उपज बेचने के बाद तत्काल नकद भुगतान नहीं मिलना किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। हालात यह हैं कि कई किसानों को अपनी उपज बेचने के बाद भी भुगतान के लिए व्यापारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मंडी में उपज लेकर पहुंचने वाले किसानों को उम्मीद रहती है कि फसल बेचने के बाद उन्हें तत्काल राशि मिल जाएगी, ताकि वे खेती और घरेलू जरूरतों से जुड़े खर्चों को पूरा कर सकें। लेकिन कई किसानों को उपज बेचने के बाद नकद भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ किसान ऐसे भी हैं, जिन्हें भुगतान लेने के लिए एक-दो दिन बाद दोबारा बैतूल आना पड़ता है। इससे किसानों का समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों के लिए बार-बार मंडी पहुंचना अतिरिक्त परेशानी बन रहा है।
नकद भुगतान की व्यवस्था हो रही ध्वस्त
मंडी में नकद भुगतान की व्यवस्था धीरे-धीरे कमजोर होती नजर आ रही है। किसानों का कहना है कि उपज की नीलामी होने के बाद भी कई बार उन्हें तत्काल राशि नहीं मिलती। भुगतान के लिए व्यापारियों से संपर्क करना पड़ता है और राशि मिलने का इंतजार करना पड़ता है। किसानों के लिए यह स्थिति इसलिए भी मुश्किल है, क्योंकि अधिकांश किसान उपज बेचकर मिलने वाली रकम से ही अगली फसल की तैयारी, खाद-बीज की खरीदी और अन्य जरूरी खर्चों का प्रबंधन करते हैं।
पुरानी समस्याओं का भी नहीं निकला समाधान
मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर पहले भी किसानों की शिकायतें सामने आती रही हैं। शेड के भीतर उपज रखने के लिए जगह नहीं मिलने से किसानों को खुले में अनाज डालना पड़ता है। वहीं तुलाई के नाम पर मनमाने तरीके से राशि लेने की शिकायतें भी लगातार उठती रही हैं।
अब तत्काल भुगतान नहीं मिलने की समस्या ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इसके बावजूद मंडी प्रशासन की ओर से किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी पहल होती नजर नहीं आ रही है।
सवाल यह है कि जब किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडी पहुंच रहे हैं, तो उन्हें भुगतान के लिए भी परेशान क्यों होना पड़ रहा है। मंडी प्रशासन को भुगतान व्यवस्था की निगरानी करने और किसानों को समय पर राशि दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। किसानों की समस्या को लेकर मंडी सचिव सुरेश परते से संपर्क किया लेकिन उन्होंने $फोन रिसीव नही किया है।




