Betul Samachar: लिंक रोड पर पोल शिफ्टिंग ने पकड़ी रफ्तार, 88 में से 40 पोल खड़े किए

पीडब्ल्यूडी और बिजली कंपनी के बेहतर समन्वय से तेज हुआ काम
Betul Samachar: बैतूल। शहर के बहुप्रतीक्षित कारगिल चौक से गढ़ा घाट तक बन रहे लिंक रोड निर्माण कार्य में आखिरकार तेजी दिखाई देने लगी है। लंबे समय से पोल शिफ्टिंग की धीमी गति को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब काम ने रफ्तार पकड़ ली है। सांझवीर टाइम्स द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद पीडब्ल्यूडी ने सक्रियता बढ़ाई और बिजली कम्पनी से सामंजस्य बनाकर अब तक 88 में से 40 बिजली पोल स्थापित किए जा चुके हैं।
पीडब्ल्यूडी एसडीओ नईम खान ने बताया कि गढ़ा घाट क्षेत्र में करीब आठ पोलों की लाइन शिफ्ट की जा चुकी है, जबकि बिजली कंपनी कार्यालय तक लगभग 40 नए पोल खड़े कर दिए गए हैं। विभाग का लक्ष्य शेष पोलों की स्थापना भी जल्द पूरी करने का है ताकि सड़क निर्माण में आ रही बाधाएं दूर हो सकें। लेकिन कार्य के दौरान अतिक्रमण बड़ी चुनौती बना हुआ है। लोगो की आपत्ति की वजह से भी कार्य प्रभावित हो रहा है। पुराने बच्चा जेल के पास दो पोल लगाने में अतिक्रमण के कारण परेशानी आ रही है। इस संबंध में राजस्व विभाग को सूचना दे दी गई है। अतिक्रमण हटते ही वहां भी पोल स्थापित कर दिए जाएंगे।
परमिट के लिए दोनों विभागों के बीच बना सामंजस्य
अधिकारियों के अनुसार, सभी पोल खड़े होने के बाद ही नई विद्युत लाइन बिछाई जाएगी और उसके बाद कनेक्शनों का स्थानांतरण किया जाएगा। जब तक पूरी नई लाइन तैयार नहीं हो जाती, तब तक पुरानी लाइन को हटाया नहीं जा सकता, क्योंकि इससे शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। एसडीओ नईम खान ने बताया कि इस परियोजना में पीडब्ल्यूडी और बिजली कंपनी के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।
जहां भी लाइन शिफ्टिंग के लिए परमिट की आवश्यकता होती है, बिजली कंपनी तत्काल अनुमति उपलब्ध करा रही है। दोनों विभागों के संयुक्त प्रयासों से कार्य में लगातार तेजी आ रही है और प्रयास है कि पोल शिफ्टिंग तथा लाइन बिछाने का कार्य शीघ्र पूरा कर लिंक रोड निर्माण को निर्धारित समय में आगे बढ़ाया जा सके। गौरतलब है कि,लिंक रोड शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके पूरा होने से कारगिल चौक से गढ़ाघाट तक यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या कम होगी और नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
इनका कहना……
बिजली कम्पनी से सामंजस्य बनाकर तेजी से काम शुरू करवा दिया गया है।कार्य की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रयास किए जा रहे है कि जल्द कार्य पूर्ण किया जा सके।
नईम खान ,एसडीओ पीडब्ल्यूडी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




