Betul Samachar: 4 साल में भी नहीं बन पाई 300 मीटर की सड़क

सीएम हेल्पलाइन भी साबित हुई बेअसर, रहवासियों में नाराजगी
Betul Samachar: बैतूल। शहर के विवेकानंद वार्ड में एसटीडी चौक से साईं मंदिर तक बनने वाली करीब 300 मीटर लंबी सड़क पिछले चार वर्षों से अधूरी पड़ी है। सड़क निर्माण में हो रही देरी के कारण क्षेत्र के दर्जनों परिवारों को हर मौसम में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी, सर्दी और बारिश हर मौसम में खस्ताहाल सड़क ने रहवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का मामला ऐसा उलझा कि काम आगे नहीं बढ़ सका। जिम्मेदार विभागों के बीच समन्वय की कमी के चलते न तो बिजली व्यवस्था हट पाई और न ही सड़क निर्माण शुरू हो सका। नतीजतन क्षेत्र के लोग वर्षों से अधूरी सड़क का खामियाजा भुगत रहे हैं।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें, फिर भी नहीं मिला समाधान
स्थानीय नागरिकों ने समस्या के समाधान के लिए कई बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रहवासियों का कहना है कि हेल्पलाइन से उन्हें केवल आश्वासन ही मिला, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों का सिस्टम पर भरोसा भी कमजोर पड़ता जा रहा है।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
बरसात के मौसम में हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। सड़क पर पानी भर जाता है और कीचड़ से आवागमन मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहनों के गुजरने से कीचड़ और गंदा पानी घरों तक पहुंच जाता है, जिससे रहवासियों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है।




