Betul News: भारी-भरकम अमले के बावजूद नपा की वसूली फिसड्डी
Betul News: Despite a huge staff, the recovery of the municipality is lagging behind

पूरे वर्ष नपा राजस्व की महज 65 प्रतिशत वसूली कर पाया, पिछले वर्ष से 1 प्रतिशत अधिक
Betul News: बैतूल। तमाम कवायदों और पूरे वर्ष भारी भरकम राजस्व अमले को तैनात करने के बावजूद नपा की वित्तीय वर्ष 2024-25 में महज 65.51 प्रतिशत वसूली ही कर पाई है। यह वसूली गत वर्ष की अपेक्षा एक प्रतिशत ही बढ़ पाई है। दरअसल राजस्व अमले ने दावा किया था कि वसूली का प्रतिशत 80 को पार कर जाएगा, लेकिन लगातार दूसरे वर्ष राजस्व वसूली में बैतूल नपा फिसड्डी साबित हो गई है। कुल 10 करोड़ 21 लाख में से 6 करोड़ 69 लाख ही राजस्व वसूल कर पाई है।
नपा पूरे वर्ष अपने लाव लश्कर वाले राजस्व अमले के साथ वसूली करती है। खासकर फरवरी-मार्च में वसूली की रफ्तार तेजी आती है। मार्च माह में नपा ने टैक्स भरने आने वालों के लिए ठंडे पानी और टैंक की व्यवस्था की थी, लेकिन यह कवायद भी अधिक वसूली के लिए फायदा नहीं कर पाई। नए सीएमओ ने चार माह पहले आमद देकर व्यवस्था बनाने का प्रयास जरूर किया, लेकिन एक बार भी वे राजस्व अमले की बैठक नहीं ले पाए। यही वजह है कि राजस्व वसूली का लक्ष्य नपा चाहकर भी पूरा नहीं कर पाई है।
राजस्व पर टिका है पूरा दारोमदार
सामान्यतौर पर किसी भी नपा की वित्तीय स्थिति राजस्व विभाग पर टिकी रहती है। दरअसल यहां से सभी करों का भुगतान आने के बाद वेतन सहित अन्य मदों में खर्च किया जाता है। कहा जाता है कि नपा का बजट भी राजस्व वसूली पर निर्भर करता है। चूंगी कर की राशि का पूर्व की अपेक्षा 20 लाख से अधिक कटौती होने से स्थिति गड़बड़ाई है। इसी वजह इस बार वसूली का लक्ष्य पूरा करने की सारी कोशिश की गई, लेकिन 65 प्रतिशत पर ही आंकड़ा सिमटने के कारण नपा को कई तरह की परेशानी आ सकती है।
जलकर शुल्क में फिर पिछड़ी नपा
नपा को कुल 10 करोड़ की वसूली करना था। इसमें सर्वाधिक 3 करोड़ 70 लाख रुपए संपत्ति कर का था। इसमें से 3 करोड़ 46 रुपए वसूल कर नपा ने 93.43 प्रतिशत का जबरदस्त रिकार्ड कायम किया। इसके विपरित जल शुल्क की बात करें तो 2 करोड़ 79 लाख में से महज 1 करोड़ 13 लाख यानी 40.62 प्रतिशत ही वसूल हो पाया है। समेकित कर में भी नपा को जमकर फटका बैठा है। कुल 85 लाख में से 41 लाख की राशि ही नपा वसूल कर पाई है। इसका प्रतिशत 47.85 हो रहा है।



