Ward Parikrama: शिवाजी वार्ड में सड़क, पानी और सफाई की समस्या, नागरिक परेशान

भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष के वार्ड में भी समस्या ही समस्या
Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-5 शिवाजी वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर रहवासी लंबे समय से परेशान हैं। वार्ड का बड़ा हिस्सा व्यवसायिक क्षेत्र से जुड़ा होने के बावजूद यहां सड़क, पेयजल और नाली व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं है, जिससे नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। इसी वार्ड में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला भी रहते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड में पेयजल आपूर्ति सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। कई इलाकों में पानी की सप्लाई चार से पांच दिन के अंतराल में होती है, जिससे खासकर गर्मी के मौसम में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
इसके अलावा वार्ड में सड़क और नाली निर्माण की स्थिति भी खराब है। कई स्थानों पर नालियों का निर्माण अधूरा है या फिर उनकी नियमित सफाई नहीं हो रही है। कुछ जगहों पर खोदी गई नालियों की मिट्टी और मलबा लंबे समय से हटाया नहीं गया, जिससे बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इससे आमजन का आवागमन भी प्रभावित होता है। व्यवसायिक क्षेत्र में यातायात और अतिक्रमण की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। बाजार क्षेत्र में दिनभर भीड़ रहती है, जबकि कई दुकानदार सड़क तक सामान फैला देते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है।
वहीं सार्वजनिक शौचालय की अनुपलब्धता के कारण भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। वार्ड निवासी डॉ. अनिता गढ़ेकर ने बताया कि समय पर पानी की सप्लाई नहीं मिलने से लोगों को काफी दिक्कत होती है। वहीं तुलसा बाई पवार ने कहा कि कई दिनों तक पानी नहीं आता और नालियों की सफाई भी लंबे समय से नहीं हुई है। वार्डवासियों ने नगर पालिका से जल्द से जल्द समस्या समाधान की मांग की है ताकि उन्हें राहत मिल सके और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध हो सकें।

क्या कहते हैं वार्डवासी
पाइप लाइन के लिए वार्ड में नाली खोदी गई और मिट्टी को सड़क किनारे ही डाल दी गई। बारिश के समय सड़क पर कीचढ़ की स्थिति निर्मित होगी और आवागमन बाधित होगा। वार्ड मेें पानी की मूल समस्या बनी है। चार से पांच दिनों में पानी की सप्लाई होती है। ऐसे में लोगों को जलसंकट का सामना भी करना पड़ रहा है।
जया बाई सोनारे, वार्डवासी

वार्ड में सड़क नहीं होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क की समस्या से वर्षों से जूझ रहे हैं। वार्ड पार्षद से सड़क निर्माण के लिए कहा गया, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हो सका। बारिश के समय सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
गीता बाई पवार, वार्डवासी

व्यवसायिक क्षेत्र में शौचालय की परेशानी बनी है। लल्ली चौक फूलों की दुकानों के पास जो शौचालय बना है। उसके गेट टूट चुके हैं। गंदगी का आलम है। आसपास के लोगों ने अतिक्रमण करके रखा है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को होती है। यहां पर शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि व्यापारियों को परेशानी न हो। पार्षद ने अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया है।
प्रदीप सोनी, व्यवसायी, शिवाजी वार्ड

वार्ड के व्यवसायिक क्षेत्र में यातायात की समस्या बनी है। पल-पल जाम की स्थिति बनी रहती है। कुछ जगह नाली की समस्या बनी है। पानी की निकासी बेहतर नहीं होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़का का अभाव बना है। वर्षों से सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहंी हो सका है। व्यवसायिक क्षेत्र में भी कई प्रकार की समस्या है। समस्या को लेकर वार्ड पार्षद से भी शिकायत कर चुके हैं पर समाधान नहीं हो सका।
जितेंद्र मलिक, व्यवसायी, शिवाजी वार्ड

मैंने वार्ड के भीतर कई कामकाज करवाएं हैं। लोगों की समस्या का समाधान किया गया। वार्ड में अलग-अलग क्षेत्रों में चार सड़कों का निर्माण किया गया। कुछ क्षेत्रों में नालियां भी बनाई गई। वार्ड में जो पानी और नाली की समस्या बता रहे हैं, इस तरह की कोई समस्या नहीं है। आगे जो भी समस्या आएगी। उसका भी समाधान करने का काम करूगी। नपा में बजट नहंी होने के कारण भी तेजी से काम नहीं हो पा रहे हैं।
