Betul Ki Khabar: बिजली मेंटेनेंस का असर: रविवार को शहर में नहीं होगी पानी सप्लाई

पांच घंटे बिजली बंद रहने से नहीं भर पाएंगी पानी की टंकियां, नपा की पानी सहेजने की अपील
Betul Ki Khabar: बैतूल। भीषण गर्मी के बीच रविवार को शहरवासियों को पानी संकट का सामना करना पड़ सकता है। बिजली कंपनी द्वारा 33 केवी हमलापुर उपकेंद्र पर प्रस्तावित मेंटेनेंस कार्य के चलते नगर पालिका परिषद बैतूल रविवार को शहर में पेयजल सप्लाई नहीं कर पाएगी। बिजली बंद रहने से पानी की टंकियां नहीं भर सकेंगी, जिससे पूरे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक खंजनपुर, दुर्गा वार्ड, कत्लढाना, डिपो रोड, विकास नगर, माचना नगर, अर्जुन वार्ड, कालापाठा, लोहिया वार्ड, चुत्रीढाना, राजेंद्र वार्ड, सिविल लाइन, संजय कॉलोनी, शिवाजी वार्ड, स्वीपर कॉलोनी, जेएच कॉलेज रोड, आबकारी क्षेत्र, सिंधी कॉलोनी, बीजेपी कार्यालय क्षेत्र, लश्करे अस्पताल, विनोबा नगर, विवेकानंद वार्ड, भग्गूढाना, ग्रीन सिटी सहित आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इसका सीधा असर नगर पालिका की जलप्रदाय व्यवस्था पर पड़ेगा।
माचना एनीकट में नहीं है पर्याप्त पानी
नगर पालिका के सहायक यंत्री नीरज धुर्वे ने बताया कि वर्तमान में माचना एनीकेट में पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण ताप्ती बैराज से पानी लाया जा रहा है। बैराज से पानी एनीकेट तक पहुंचाने और वहां से फिल्टर प्लांट के माध्यम से टंकियों तक सप्लाई करने में काफी समय लगता है।
सामान्य स्थिति में माचना एनीकेट में पानी उपलब्ध होने पर प्रक्रिया तेजी से पूरी हो जाती है, लेकिन बिजली बंद रहने से पानी फिल्टर कर टंकियों तक पहुंचाना संभव नहीं हो पाएगा। ऐसे में रविवार को शहर में जलापूर्ति रोकना ही एकमात्र विकल्प रह गया है।
नपा अधिकारियों ने बताया कि बिजली सप्लाई शुरू होते ही पानी सप्लाई की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी जाएगी और प्रयास रहेगा कि नागरिकों को ज्यादा इंतजार न करना पड़े। नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे शनिवार रात और रविवार सुबह आवश्यकतानुसार पानी का संग्रह कर लें तथा पानी का उपयोग सावधानी और बचत के साथ करें।
नपा के पास नहीं कोई बेहतर विकल्प
गर्मी शुरू होते ही बिजली कंपनी ने बिजली कटौती की प्लानिंग बना ली है। इसे बारिश के पूर्व मेंटेंनेस से भी जोड़कर देखा जा रहा है। रविवार विद्युत कंपनी द्वारा विवेकानंद वार्ड के जिस क्षेत्र में भी कटौती की जा रही है, यहां पर नपा का फिल्टर प्लांट मौजूद है।
ताप्ती बैराज से तो शहर में पानी आसानी से पहुंच जाएगा, लेकिन फिल्टर प्लांट से होकर शहर की दस पानी की टंकी को भरने के लिए बिजली बाधित रहने से मोटर शुरू नहीं रह पाएगी। जानकारों का मानना है कि यदि फिल्टर प्लांट पर नपा बड़ा जनरेटर लगाती तो शायद रविवार शहर में सप्लाई बाधित नहीं होती।
नपा कई मिथ्या खर्च कर जनता के टैक्स की बर्बादी कर रही है, लेकिन जरूरत की चीजों के लिए इस तरह की परेशानियां आम बात हो गई है। कुछ पार्षदों ने पहले भी फिल्टर प्लांट की मोटर चलाने के लिए जनरेटर लगाने की मांग की थी पर इसे नजर अंदाज कर दिया।
ट्यूबवेल से पानी लेने के प्रयास पर काम शुरू नहीं
माचना एनीकट के सूख जाने के बाद पूर्व में नपा के अधिकारियों ने दावा किया था कि आसपास के किसानों के ट्यूबवेल अधिग्रहित कर डैम में पानी छोड़ा जाएगा, इसके लिए जलशाखा प्रभारी और अन्य अधिकारियों को चर्चा करने के लिए कहा था। मई माह की 15 तारीख बितने के बाद ट्यूबवेल के पानी लेने के प्रयास शुरू नहीं हुए हैं।
इसे जलशाखा के अधिकारियों की लापरवाही कहा जा सकता है। बताया जाता है कि जल शाखा के अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण सूचना देने के बावजूद उस पर समय पर अमल नहीं किया जा रहा है। इसी वजह गर्मी में जलसंकट के दौर में नपा को कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
इनका कहना..
बिजली कंपनी रविवार विवेकानंद वार्ड क्षेत्र में कटौती कर रही है। इस वजह पानी की सप्लाई होना संभव नहीं है। रविवार के बजाए अब सोमवार को नलों में पानी आएगा। लोगों को संकट के दौर में सहयोग करना चाहिए।
नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com
