Betul Samachar: पीआईसी की बैठक में 116 प्रस्तावों पर मोहर

विकास कार्यों पर नपा की नजर, गंज मार्ग का नाम अटल पथ होगा
Betul Samachar: बैतूल। नगरपालिका परिषद की महत्वपूर्ण पीआईसी की बैठक लंबे समय बाद दोपहर 2 बजे से नगरपालिका के बाल मंदिर सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस बैठक में कुल 116 विषयों को एजेंडे में शामिल किया था। जिन पर पीआईसी के सदस्यों द्वारा विस्तार से चर्चा के बाद सहमति बन गई है।
बैठक में नगर विकास से जुड़े अनेक अहम प्रस्तावों पर निर्णय भी लिए गए। बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, उपाध्याय महेश राठौर, सीएमओ सतीश मटसेनिया, सभापति तरूण ठाकरे, कल्पना कैलाश धोटे, राजेश पानकर, रघुनाथ लोखंडे, रेणुका पवन यादव, नितेश परिहार, विकास प्रधान मौजूद थे।
एजेंडे में शामिल विषयों में शहर के विभिन्न वार्डों में कराए जाने वाले निर्माण कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनमें नगर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्ताव भी रखे गए हैं। इन प्रस्तावों में निविदाकार द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर डामरीकरण के स्थान पर पेवर ब्लॉक अथवा सीसी कार्य कराए जाने का विषय शामिल किया गया है, जिस पर सदस्यों की राय ली गई।
बैठक में नगरपालिका के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर वेतन भुगतान किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इसके अलावा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत ‘वूमन फार ट्री’ योजना में दी जा रही प्रोत्साहन राशि के अनुरूप अमृत महाअभियान के तहत स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जाने वाले पौधरोपण के लिए प्रति पौधा प्रति माह 50 रुपए प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रस्ताव भी शामिल है।
नगर के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों में विनोबा वार्ड गंज आबकारी से अंडर ब्रिज होते हुए करबला घाट तक बनने वाले सीसी मार्ग का नामकरण ‘अटल पथ’ किए जाने, निकाय क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नवीन फिल्टर प्लांट बनाए जाने, जलप्रदाय शाखा के बजट में वृद्धि, अवैध नल कनेक्शनों को वैध किए जाने पर विचार शामिल है।
इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवारा कुत्तों के बधियाकरण एवं टीकाकरण, हाईड्रा क्रेन और पोकलेन मशीन किराए पर लेने जैसे एक सैकड़ा से अधिक प्रस्तावों पर बैठक में चर्चा की गई।




