Betul Samachar: पहली बारिश बही पुलिया, विधायक पर कमीशन का आरोप
Betul News: Culvert washed away in first rain, MLA accused of taking commission

चहेते ठेकेदार को मिला था निर्माण का जिम्मा, कांग्रेस ने भी घेरा
Betul Samachar: शाहपुर। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर हुआ है। यहां विधायक निधि से करीब 15 लाख रुपए की लागत से बनी पुलिया पहली ही बारिश में ढह गई। पुलिया बहने के बाद ग्रामीणों और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने विधायक गंगा उइके पर सीधे-सीधे कमीशनखोरी के आरोप लगा दिए।

जानकारी के अनुसार खोखरा रैय्यत ग्राम पंचायत में पुलिया निर्माण का कार्य विधायक ने अपने नजदीकी ठेकेदार को दिलवाया। जबकि नियमों के अनुसार यह कार्य ग्राम पंचायत के माध्यम से होना चाहिए था। ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक ने दबाव डालकर पंचायत प्रतिनिधियों से बिल-बाउचर पर हस्ताक्षर करवा लिए और राशि आहरण करा ली। ग्रामीण कमलेश यादव ने आरोप लगाया कि पुलिया जनता की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि विधायक द्वारा अपने खास ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से बनवाई गई थी।

उन्होंने कहा कि 20 प्रतिशत कमीशन लेकर घटिया निर्माण कराया गया, जिसके चलते लाखों रुपए पानी में बह गए। ग्राम पंचायत के सरपंच ने भी आरोप लगाया कि विधायक निधि से कार्य दिलाने के लिए विधायक 20 प्रतिशत एडवांस कमीशन मांगती हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा ने तो घोड़ाडोंगरी में 50 प्रतिशत तक की कमीशनखोरी का आरोप लगा दिया़ दिया। इस मामले ने बैतूल की राजनीति को गर्मा दिया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार ने कहा कि पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोपों पर विधायक से चर्चा की जाएगी और मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, गंभीर आरोप लगने के बाद विधायक गंगा उईके मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला सिर्फ पुलिया बहने का नहीं, बल्कि उस सिस्टम के ढहने का है जहां विकास कार्य कमीशनखोरी की भेंट चढ़ते नजर आ रहे हैं।




